मप्र के सिवनी में खड़ी बस में पीछे से घुसा तेज रफ्तार ट्रक, एक यात्री की मौत, 18 घायल

 


सिवनी, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां सिरमंगनी गांव के पास सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। इनमें पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। भोपाल से मंडला जा रही यात्री बस किसी कारणवश सिरमंगनी गांव के पास सड़क किनारे रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में कहानी निवासी देवेंद्र पटेल (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 यात्री घायल हाे गए। घायल यात्रियों को तत्काल सिविल अस्पताल लखनादौन पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार लखनादौन अस्पताल में जारी है।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही लखनादौन पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका

लखनादौन थाना प्रभारी के.पी. धुर्वे ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे का कारण प्रतीत हो रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

घायल यात्रियाें के नाम

हादसे में रघुवीर साहू पुत्र भुन्नीलाल साहू (50), विद्या साहू पत्नी रघुवीर साहू (42), देवलाल पुत्र चेतराम झारिया (50), रतन लाल पुत्र रूपसिंह साहू (60), दिगलो बाई पत्नी हेमंत कुमार यादव (50), अनिता पत्नी अरविंद सिंह राजपूत (34), सुखवती पत्नी नेतराम मेहरा (85), लता राजपूत पत्नी सतेंद्र राजपूत (34), अरविंद राजपूत पुत्र दर्शन राजपूत (35), संदीप पुत्र कृष्ण रमन यादव (46), नेम सिंह पुत्र दशरत लाल मरकाम (50), दुम्मा पुत्र बारेलाल भारती (45), राजकुमार पुत्र जयसिंग पन्द्रे (34), बदराइन पत्नी शंकर तेकाम (60), आनंद बाई पत्नी सरकार सिंह ठाकुर (50), अभय पुत्र सरजू प्रसाद नामदेव (25), कुंवर सिंह मरकाम पुत्र बाबूलाल मरकाम (37) घायल हुए हैं। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे