मप्र में 3 हज़ार 62 ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया 16 नवम्बर से होगी प्रारंभ
- एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से होगी पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध ऑनलाइन चयन प्रक्रिया
भोपाल, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 3062 ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया 16 नवंबर से प्रारंभ हो रही है। प्रदेश में लगभग पांच वर्ष बाद ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को सभी जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, चयन प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध बनाने के लिए एमपी ई-सेवा पोर्टल (https://eseva.mp.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इच्छुक पात्र महिलाएं 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी। चयन के लिए केवल ऑनलाइन प्राप्त आवेदन ही मान्य होंगे।
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में होगा चयन
ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के चयन की संपूर्ण कार्यवाही जिला स्तर से की जाएगी। यह प्रक्रिया कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में संपन्न होगी।निर्धारित ग्रामवार संख्या एवं चयन के लिए चिह्नित ग्रामों के अनुसार ही चयन किया जाएगा। इससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं एकरूपता सुनिश्चित होगी।
पात्रता
चयन के लिए आवेदिका का संबंधित ग्राम की निवासी एवं विवाहित महिला होना अनिवार्य है। आवेदिका की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। चयन में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता एवं प्राथमिकता संबंधी मापदंडों का पालन किया जाएगा।
16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे प्राप्त
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इसके बाद 17 से 25 दिसंबर तक प्राप्त आवेदनों को ग्रामसभा के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। ग्रामसभा द्वारा 26 दिसंबर 2026 से 18 जनवरी 2027 तक चयन के लिए प्रस्ताव अनुमोदित कर भेजे जाएंगे। प्राप्त प्रस्तावों पर 19 जनवरी से 5 फरवरी 2027 तक विकासखंड स्तर पर दावा-आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। इसके उपरांत 6 से 25 फरवरी 2027 तक जिला स्तर पर अपील प्राप्त कर उनका निराकरण किया जाएगा।
जिला स्वास्थ्य समिति से अंतिम अनुमोदन प्राप्त करने की प्रक्रिया 26 फरवरी से 5 मार्च 2027 तक पूर्ण की जाएगी। समिति के अंतिम अनुमोदन के उपरांत ही चयन आदेश जारी किए जाएंगे। संपूर्ण चयन प्रक्रिया 5 मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाएगी। चयनित आशा कार्यकर्ताओं की आईडी बनाने के लिए 6 से 20 मार्च 2027 तक आशा पोर्टल के माध्यम से अनुरोध किया जाएगा। चयनित आशा की जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज पोर्टल के माध्यम से राज्य मुख्यालय को भेजे जाएंगे। राज्य स्तर पर दस्तावेजों के सत्यापन एवं अनुमोदन के उपरांत आईडी बनाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर