सीहोरः महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर स्वच्छता मित्रों का किया गया सम्मान

 




सीहोर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर में शुक्रवार को नगर पालिका द्वारा महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा तथा नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने स्वयं सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और सफाई मित्रों का सम्मान किया।

कार्यक्रम में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया। अतिथियों ने कहा कि आज शहर जो साफ-सुथरा दिखाई देता है, उसमें सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे प्रतिदिन परिश्रम और जिम्मेदारी के साथ शहर को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने सफाई मित्रों के परिश्रम को नमन करते हुए कहा कि उनके योगदान का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने सफाई मित्रों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में सफाई मित्रों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में आम नागरिकों से भी स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने की अपील की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल नगर पालिका के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से बनता है। सभी नागरिक अपने घर, आसपास के क्षेत्र और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें, ताकि शहर को निरंतर स्वच्छ और सुंदर बनाए रखा जा सके। कार्यक्रम में सर्वधर्म की प्रार्थना सभा भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुधीर सिंह, सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार, पार्षद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।

ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी

इधर, महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से सफाई श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

ग्राम सभाओं में स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले स्वच्छता मित्रों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों से अपने गांव को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है और जनभागीदारी से ही स्वच्छ एवं सुंदर ग्राम की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर