सीहोरः राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रमुख सचिव ने किया जिले के खेल परिसरों का निरीक्षण
सीहोर, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव संजीव सिंह ने शनिवार को सीहोर जिले का भ्रमण कर जिले में संचालित खेल प्रशिक्षण केंद्रों, खेल आयोजनों तथा निर्मित एवं निर्माणाधीन खेल अधोसंरचनाओं का निरीक्षण किया गया।
भ्रमण के दौरान प्रमुख सचिव संजीव सिंह ने चर्च ग्राउंड फुटबॉल स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, बैडमिंटन हॉल एवं वेटलिफ्टिंग हॉल सहित विभिन्न खेल परिसरों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेल सुविधाओं की व्यवस्थाओं एवं खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर प्रमुख सचिव संजीव सिंह द्वारा उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रमुख सचिव ने खिलाड़ियों एवं खेल से जुड़े अधिकारियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए खेल गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस अवसर पर तहसीलदार एवं सीहोर अमित सिंह, संभागीय अधिकारी रुबिका दीवान सहित खेल विभाग के समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रमुख सचिव ने कान्या खेड़ी परियोजना का किया निरीक्षण
वहीं, जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव ने शनिवार को कान्या खेड़ी परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना के विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया तथा अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
प्रमुख सचिव ने परियोजना से संबंधित कार्यों निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परियोजना के कार्यों में गति लाने तथा संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर-एसपी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
सीहोर के बढ़िया खेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में 3 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर बालागुरु के. एवं पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मंच, बैठक व्यवस्था, आवागमन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं एसपी ने अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान एएसपी प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर