सीहोरः कुबेरेश्वर धाम पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव की व्यवस्थाओं का प्रभारी मंत्री ने लिया जायजा

 


- बैठक लेकर आगामी कांवड़ यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के दिए निर्देश

सीहोर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थित कुबेरेश्वर धाम में आयोजित गुरू पूर्णिमा महोत्सव और आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने रेस्ट हाउस तथा कुबेरेश्वर धाम पर बैठक आयोजित कर आयोजन की सभी व्यवस्थाओं के संबंध में बिंदुवार चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आयोजन में बाड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी तैयारियां चाक चौबंद रखी जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था, असुविधा अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि समिति प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य सुनिश्चित करे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया। कलेक्टर बालगुरू के., एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने प्रभारी मंत्री को गुरू पूर्णिमा महोत्सव के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा आगामी कांवड़ यात्रा के सुचारू आयोजन की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

बैठक में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या न बने। पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन, अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारण तथा वाहनों की सुव्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। हाईवे एवं मुख्य मार्गों पर प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू रहे तथा पर्याप्त संकेतक, फ्लेक्स व सूचना बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने अनाउंसमेंट सिस्टम सतत संचालित रखने तथा फायर ब्रिगेड, अग्निशमन उपकरण व आपातकालीन व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग, कंट्रोल रूम एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं के संबंध में भी निर्देश दिए। इसके साथ ही सीवन नदी से कुबेरेश्वर तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण प्राप्त हो सके।

बैठक में विधायक सुदेश राय और भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने आवश्यक सुझाव भी दिए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, एएसपी डॉ प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा, पंकज गुप्ता, सुदीप प्रजापति सहित अन्य अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।

पंडित प्रदीप मिश्रा से की चर्चा

प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कुबेरेश्वर धाम पर पंडित प्रदीप मिश्रा एवं आयोजन समिति के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं के संबंध में समिति से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं आयोजन समिति आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था को समय पर पूर्ण करें, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर