सीहोरः प्रभारी मंत्री ने नवीन विद्युत सब स्टेशन का किया लोकार्पण
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही सरकार: कृष्णा गौर
सीहोर, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने गुरुवार को सीहोर मंडी में 02 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से निर्मित मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस विद्युत सब स्टेशन के प्रारंभ होने से क्षेत्र के नागरिकों को निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि ग्रीष्म ऋतु की शुरुआत के साथ ही बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे समय में इस नए सब स्टेशन की स्थापना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इससे बिजली आपूर्ति अधिक सुचारू होगी और बार-बार आने वाली तकनीकी बाधाओं में भी कमी आएगी।
प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बिजली, सड़क, पानी और कृषि से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंच रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर क्षेत्र में विकास की गति तेज हो और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।
इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सीताराम यादव, कलेक्टर बालागुरू के., सुदीप प्रजापति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर