सीहोरः रोजगार मेले ने युवाओं के सपनों को दी नई उड़ान, 186 का विभिन्न कंपनियों में चयन

 


- एक ही स्थान पर मिले रोजगार के अनेक अवसर, युवाओं के चेहरों पर खिली मुस्कान

सीहोर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार मेला उम्मीदों की नई किरण बनकर सामने आया है। जिले के आष्टा में बुधवार को आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा अलग-अलग पदों के लिए 186 युवाओं का चयन किया गया।

रोजगार मिलने की खुशी से युवाओं के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी। युवाओं के लिए यह मेला केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि अपने सपनों को साकार करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।

रोजगार मेले में शामिल युवाओं ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन उनके लिए बेहद उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। पहले नौकरी की तलाश में अलग-अलग कंपनियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। कई बार कंपनियों की भर्ती प्रक्रिया, रिक्त पदों और आवेदन की जानकारी नहीं मिल पाती थी। ऐसे में रोजगार मेले ने उनकी इस परेशानी को काफी हद तक आसान कर दिया है। एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलने, अपनी योग्यता बताने और साक्षात्कार देने का अवसर मिलने से युवाओं को काफी सहूलियत हुई।

युवाओं ने कहा कि रोजगार मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियों में नौकरी पाने के अवसर उपलब्ध होते हैं। इससे प्रत्येक युवा अपनी शैक्षणिक योग्यता , कौशल और रुचि के अनुरूप रोजगार का विकल्प तलाश सकता है। साक्षात्कार और चयन की प्रक्रिया भी सरल होने से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है। ऐसे आयोजनों से उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने और भविष्य के लिए बेहतर दिशा चुनने में मदद मिलती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर