सीहोरः खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 204 किलो एनालॉग पनीर किया जब्त
सीहोर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को विभिन्न दुकानों, डेरियों एवं फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान रूद्रांश डेयरी इंडस्ट्री से 204 किलो एनालॉग पनीर जब्त किया गया।
जनसम्पर्क अधिकारी देवेन्द्र ओगारे ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सीहोर के पचामा स्थित रूद्रांश डेयरी इंडस्ट्री का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फैक्ट्री में अस्वच्छ तरीके से एनालॉग पनीर बनाया जा रहा था, इसके साथ ही निर्माण स्थल की फर्श उखड़ी तथा दीवार गंदी पाई गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फैक्ट्री में बन रहे पनीर निर्माण एवं सप्लाई को तुरंत रुकवाया और 204 किलो एनालॉग पनीर भी जब्त किया, जिसका अनुमानित मूल्य 40,800 रुपये है। इसके साथ ही एनालॉग पनीर का नमूना भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
उल्लेखनीय है कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन के आदेशानुसार संपूर्ण प्रदेश में एनालॉग पनीर का निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय का पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडलीन पन्ना और दीपाली कांगे सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा की गई।
अनियमितताओं को रोकने के लिए जांच दल ने किया मेडिकल दुकानों का निरीक्षण
वहीं, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार मेडिकलों से विक्रय होने वाली दवाओं एवं मेडिकल दुकानों पर अनियमितताओं की रोकथाम के उद्देश्य से निरीक्षण दल द्वारा भैरूंदा स्थित मधुवन मेडिकल, लाईफ लाईन मेडिकल, गुरुदेव मेडिकल, साक्षी मेडिकल एवं गौरव मेडिकल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जांच दल द्वारा मेडिकल दुकानों में साफ सफाई, दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड, एक्सपायर्ड दवाओं का रख-रखाव तथा प्रतिबंधित दवाओं के विक्रय आदि की जांच की गई और दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर