सीहोरः आष्टा के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा
- नाना घर रिजॉर्ट में एक्सपायरी डेट के पापड़ मिले, चावलों में पाए गए कीड़े
सीहोर, 14 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को आष्टा तहसील में विभिन्न रेस्टोरेंट, रिजॉर्ट एवं किराना प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बंसल ने बताया कि टीम द्वारा न्यू मनोज रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर भाजीबड़ा एवं कचौड़ी के नमूने लिए गए। नाना घर रिजॉर्ट के निरीक्षण के दौरान चावल एवं पापड़ के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण में रिजॉर्ट में उपयोग किए जा रहे पापड़ की समाप्ति तिथि निकल चुकी थी, जबकि चावलों में कीड़े पाए गए। इस पर संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार राधा रानी रिजॉर्ट से दाल एवं चावल के दो नमूने तथा ओम शिवम किराना एवं जनरल स्टोर से रोस्टेड चने का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संग्रहित सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर