सीहोरः राशन वितरण में गंभीर अनियमितता पर उचित मूल्य दुकान के विक्रेता को तत्काल हटाया गया, प्रकरण दर्ज
- खाद्यान्न स्टॉक में अंतर पाए जाने पर 7.70 लाख से अधिक राशि की होगी वसूली
सीहोर, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में आष्टा अनुविभाग के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिद्दीकगंज में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण में अनियमितता पर जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विक्रेता को तत्काल हटा दिया है, साथ ही प्रकरण दर्ज कराया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, ग्राम पंचायत सिद्दीकगंज में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत मिलने पर एसडीएम महेन्द्र प्रताप सिंह किरार के निर्देशानुसार सहायक आपूर्ति अधिकारी मिताली मेहरा द्वारा दुकान का तत्काल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों ने राशन वितरण में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत की। इनमें दुकान का समय पर नहीं खुलना तथा पीओएस मशीन में बायोमेट्रिक लगाकर राशन सामग्री प्रदान नहीं किए जाने जैसी शिकायतें शामिल थीं। मौके पर उचित मूल्य दुकान संचालक विनोद गोस्वामी द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर निरीक्षणकर्ता अधिकारी ने दुकान के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया।
इस प्रकरण में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2015 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर उचित मूल्य दुकान विक्रेता को तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक वितरण प्रणाली की सामग्री वितरण के दायित्व से पृथक कर दिया गया है। साथ ही खाद्यान्न स्टॉक में अंतर पाए जाने पर 7 लाख 70 हजार 442 रुपये 14 पैसे की राशि शासन मद में जमा कराने के आदेश संबंधितों के विरुद्ध दिए गए हैं।
एसडीएम महेन्द्र प्रताप सिंह किरार ने स्पष्ट किया है कि शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन वितरण संबंधी अनियमितता या शिकायत पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर