सीहोरः कलेक्टर-एसपी ने शारदीय नवरात्रि की व्यवस्थाओं को लेकर विजयासन देवी धाम ट्रस्ट की बैठक ली
- श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सीहोर, 30 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के कलेक्टर बालागुरू के., पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना तथा विजयासन देवीधाम सलकनपुर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने बुधवार को आगामी शारदीय नवरात्रि को दृष्टिगत रखते हुए ट्रस्ट की बैठक आयोजित कर नवरात्रि के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे चर्चा की।
बैठक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सलकनपुर पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं ट्रस्ट पदाधिकारियों से कहा कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन एवं पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने नवरात्रि के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध ध्यान आकृष्ट कराया।
कलेक्टर बालागुरू के. ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाएं की जाएं। मंदिर परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने तथा पर्याप्त संख्या में सफाई अमला तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने नवरात्रि के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था, पार्किंग स्थलों तथा प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की जाए। साथ ही मंदिर परिसर एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर एवं एसपी ने संबंधित विभागों अधिकारियों और ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान सलकनपुर आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन, सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
कलेक्टर-एसपी ने नर्मदा आंवली घाट का किया निरीक्षण
अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आंवलीघाट पहुंचते है। आंवलीघाट पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर बालागुरू के. तथा एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने आवंलीघाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर श्रद्धालुओं के स्नान के लिए और श्रद्धालु अधिक गहराई में न जाए, इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंवली घाट पर पुलिस, होमगार्ड के जवान तथा गोताखोरों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने वॉटर बोट की भी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंवली घाट श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बनाए रखने के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने एवं संकेतक लगाने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर