सीहोरः कलेक्टर ने किया भैरूंदा एवं रेहटी तहसील के अनेक विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण

 


सीहोर, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में कलेक्टर बालागुरू के. ने शुक्रवार को भैरूंदा एवं रेहटी तहसील में चल रहे स्कूल भवन निर्माण, जल जीवन मिशन परियोजना, कृषि उपज मंडी सहित अनेक विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

उन्होंने रेहटी के तहसील कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जनगणना कार्य का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भैरूंदा एसडीएम सुधीर कुशवाह, तहसीलदार सौरभ शर्मा, युग्विजय यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

नरवाई न जलाने के लिए किसानों को किया प्रेरित

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बालागुरू के. भेरूंदा तहसील के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचे, जहां उन्होंने पटवारियों और किसानों से संवाद कर उन्हें नरवाई नहीं जलाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने किसानों को समझाया कि नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरता कम हो जाती है, पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है तथा वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिससे मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कलेक्टर ने किसानों से अपील की कि वे नरवाई जलाने के बजाय इसके वैज्ञानिक एवं वैकल्पिक तरीकों को अपनाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि किसानों को जागरूक करने के लिए गांव-गांव में अभियान चलाया जाए और नरवाई जलाने की घटनाओं पर सतत निगरानी रखी जाए।

जल जीवन मिशन परियोजना का किया निरीक्षण

कलेक्टर ग्राम लाडकुई पहुंचे, जहां उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन परियोजना के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के सभी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण किए जाएं और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की महत्वपूर्ण योजना है और इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

निर्माणाधीन स्कूल भवन और सीएचसी का किया निरीक्षण

इसके बाद कलेक्टर बालागुरू के. ने रेहटी में निर्माणाधीन शासकीय सांदीपनी स्कूल भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार की कोई कमी न हो। इसके साथ ही उन्होंने रेहटी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा अस्पताल में साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जाए।

जनगणना कार्य का किया निरीक्षण

कलेक्टर बालागुरू के. ने ग्राम राला, आगरा और सतराना पहुंचकर जनगणना कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पटवारी, ग्राम रोजगार सहायक, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा कोटवार द्वारा जनगणना के तहत किए जा रहे मकान सूचीकरण कार्य की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता, सटीकता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मकान और परिवार की जानकारी सही तरीके से दर्ज की जाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि न होने पाए। उल्लेखनीय है कि जनगणना के अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने ग्राम राला में निर्माणाधीन कृषि मंडी का भी निरीक्षण किया।

बुधनी तहसील कार्यालय और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण

कलेक्टर बालागुरू के. बुधनी स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि इस कॉलेज का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। कलेक्टर ने बुधनी तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया और जनगणना कार्य एवं राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर