सीहोरः बलराम कृषि महोत्सव 07 अगस्त को, मुख्यमंत्री डॉ. यादव वर्चुअली होंगे शामिल
- महोत्सव में किसानों को मिलेगी आधुनिक खेती की जानकारी, कृषि वैज्ञानिक करेंगे मार्गदर्शन
सीहोर, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती एवं शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 07 अगस्त को दोपहर 12 बजे स्थानीय स्थित कृषि उपज मंडी में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को जानकारी दी कि बलराम कृषि महोत्सव के आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव में जिले भर से किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा कृषि आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत बीज, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, फसल विविधीकरण, सिंचाई तकनीकों, उद्यानिकी, पशुपालन तथा शासन की विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही किसानों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया जाएगा।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों का मार्गदर्शन रहेगा। कृषि विशेषज्ञ वैज्ञानिक खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संरक्षण, फसल सुरक्षा, उन्नत उत्पादन तकनीकों तथा बदलती जलवायु के अनुरूप कृषि प्रबंधन पर किसानों को व्यावहारिक जानकारी देंगे। किसान विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान भी प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में किसानों को नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने, उत्पादन लागत कम करने तथा आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, अनुदान, कृषि यंत्रीकरण एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होकर कृषि विशेषज्ञों के मार्गदर्शन एवं शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। यह महोत्सव किसानों को आधुनिक एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों से जोड़ने तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर