सीहोरः रोजगार मेले में 198 युवाओं का हुआ प्रारंभिक चयन
- स्वरोजगार हितग्राहियों को प्रदान किए गए लोन के स्वीकृति पत्र
सीहोर, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश सीहोर में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को डॉ. अम्बेडकर शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला आयोजित किया गया, जिसमें 198 युवाओं का प्रारंभ चयन हुआ।
प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी स्वप्निल श्रीवास्तव ने बताया कि रोजगार मेले में अनेक कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा युवाओं का साक्षात्कार लिया गया तथा योग्यता के अनुसार चयन किया गया। रोजगार मेले में कुल 314 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 11 कंपनियों द्वारा कुल 198 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया है।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में स्वरोजगार विभागों द्वारा 02 हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत फैब्रिक वर्क के लिए हितग्राही मोहसिन का 05 लाख रुपये का लोन स्वीकृत किया गया। इसी प्रकार पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा हितग्राही आसमा बी तथा हितग्राही राजकुमार के 60 हजार रुपये से अधिक के लोन प्रकरण स्वीकृत किए गए। रोजगार मेले के शुभारंभ अवसर पर एलडीएम जगदीप भट्टाचार्य, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक अनुराग वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं युवा उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर