उज्जैन में 'पाड़ों की लड़ाई' में 7 वर्षीय बालक की मौत पर बाल आयोग ने भेजा कलेक्टर-एसपी को नोटिस
- आयोजकों पर नामजद एफआईआर और गिरफ्तारी के निर्देश, थाना प्रभारी की भूमिका की भी होगी जांच
भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। परंपरा के नाम पर प्रतिबंधित खेल ने एक मासूम की जान ले ली। उज्जैन जिले के नागझिरी थाना क्षेत्र के ग्राम हामूखेड़ी में देवप्रबोधिनी एकादशी पर प्रशासनिक रोक के बावजूद सार्वजनिक रूप से 'पाड़ों (भैंसों) की लड़ाई' कराई गई। आयोजन के दौरान दो पाड़े अनियंत्रित होकर दर्शकों की भीड़ में घुस गए और कक्षा तीन में पढ़ने वाला सात वर्षीय युवराज दायमा पुत्र आकाश दायमा, गंभीर रूप से कुचल गया। उसकी मौके पर ही दुखद मृत्यु हो गई।
घटना की खबरें मीडिया में आने के बाद मध्य प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने उज्जैन के कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर कार्रवाई का तथ्यात्मक प्रतिवेदन मांगा है।
बाल अधिकारों का घोर हनन, कानूनों की खुली अवहेलना
आयोग ने इस घटना को बाल अधिकारों का घोर हनन बताते हुए कहा है कि यह स्थापित कानूनों और न्यायालयीन आदेशों की खुली अवहेलना भी है। आयोग के अनुसार सख्त कानूनी रोक और पुलिस निगरानी की व्यवस्था के बावजूद कई ग्रामीण इलाकों में परंपरा के नाम पर चोरी-छिपे या बिना अनुमति ऐसे आयोजन कर लिए जाते हैं, जोकि उज्जैन जैसी हृदयविदारक दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।
12 जोड़ी पाड़े लड़ते रहे, प्रशासन-पुलिस बेखबर
पत्र में आयोग ने सबसे गंभीर सवाल स्थानीय प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर उठाया है। जानमाल की सुरक्षा और पशु क्रूरता रोकने के लिए सख्त प्रतिबंधात्मक आदेश पहले से जारी थे, फिर भी हामूखेड़ी में सुबह से 12 जोड़ी पाड़ों की लड़ाई कराई जाती रही। आयोग ने इसे स्थानीय प्रशासन और पुलिस की घोर विफलता करार दिया है।
कानून पहले से साफ: सुप्रीम कोर्ट भी लगा चुका है रोक
आयोग ने याद दिलाया कि पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 (विशेषकर 11(1)(एम) और 11(1)(एन)) के तहत मनोरंजन या परंपरा के नाम पर किसी जानवर को लड़ाई के लिए उकसाना, प्रशिक्षित करना या लड़वाना संज्ञेय और दंडनीय अपराध है। सुप्रीम कोर्ट ने भी 2014 के अपने ऐतिहासिक फैसले में पशुओं की लड़ाई के सभी रूपों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। राज्य के पशुपालन विभाग ने भी प्रदेश भर में भैंसों की लड़ाई पर पूरी तरह रोक के स्पष्ट निर्देश पहले ही जारी कर रखे हैं।
आयोग के तीन बड़े निर्देश
बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम, 2005 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आयोग अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने शासन और जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि अवैध आयोजन के मुख्य आयोजकों, पाड़ा मालिकों और आयोजन स्थल उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध तत्काल नामजद एफआईआर दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आयोग ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 (लोक सेवक के आदेश की अवहेलना), धारा 125 (जनसुरक्षा को खतरे में डालना) और धारा 106 (लापरवाही से मृत्यु कारित करना) के साथ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत सीधे एफआईआर का प्रावधान है। वहीं प्रतिबंध के बावजूद इतने बड़े आयोजन की भनक न लगने या उसे रोकने में विफल रहने वाले संबंधित थाना प्रभारी, बीट प्रभारी और स्थानीय राजस्व अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए भी आयोग की ओर से कहा गया है। इसके साथ ही मृतक बालक के परिवार को शासन की कल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान/रेडक्रॉस के माध्यम से तत्काल उचित आर्थिक सहायता दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
सात दिन में मांगी एटीआर
आयोग ने निर्देश दिया है कि उक्त बिंदुओं पर की गई कार्रवाई का तथ्यात्मक प्रतिवेदन (एटीआर) एफआईआर की प्रति सहित सात दिन के भीतर आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही एक पत्र पशुपालन एवं डेयरी विभाग के प्रमुख सचिव को अलग से लिखा गया है। इस पत्र में बाल आयोग ने बालकों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए दो अनुरोध किए हैं।
इसमें कहा गया है कि प्रदेश में पशुओं की लड़ाई (विशेषकर भैंसों/पाड़ों की लड़ाई) पर रोक संबंधी मौजूदा कानूनी प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी जिलों के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए।किसी भी जिले, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में परंपरा या पर्व के नाम पर चोरी-छिपे या बिना अनुमति पशुओं की लड़ाई न हो, इसके लिए त्योहारों से पहले पुलिस और राजस्व विभाग के समन्वय से संवेदनशील गांवों में विशेष निगरानी रखी जाए और आयोजकों को पहले ही पाबंद कराया जाए।
उक्त पत्र में आयोग अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा द्वारा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं के साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय पशु कल्याण बोर्ड बनाम ए. नागराजा (2014) के फैसले के प्रावधानों का कठोरता से पालन सुनिश्चित करने संबंधी मामले का भी उल्लेख किया गया है। दोनों पत्रों की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रमुख सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भेजी गई है। उज्जैन प्रशासन को भेजे नोटिस की प्रतिलिपि उज्जैन संभागायुक्त और उज्जैन जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को भी दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी