केंद्रीय मंत्री सिंधिया आज शिवपुरी में करेंगे जनसुनवाई, क्षेत्रवासियों को देंगे विकास कार्यों की सौगात
शिवपुरी, 14 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज शनिवार को अपने शिवपुरी प्रवास के तीसरे दिन शहर के सर्किट हाउस रोड पर स्थित सिंधिया जनसंपर्क कार्यालय में आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे। इसके साथ ही वे शहर और कोलारस क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करते हुए क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात देंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री सिंधिया सुबह 10 बजे माधव चौक पहुंचेंगे, जहां माधोमहाराज जयंती कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके पश्चात वे प्रातः 10.30 बजे सिंधिया जनसंपर्क कार्यालय शिवपुरी पहुंचेंगे, जहां जनसुनवाई करेंगे। इस दौरान आम नागरिक अपनी समस्या निराकरण के लिए पहुंच सकते हैं।
इसके उपरांत केंद्रीय मंत्री सिंधिया कोलारस स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां वे कोलारस स्टेडियम के निर्माण कार्य तथा कोलारस स्टेडियम से एसडीएम ऑफिस रोड तक सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। तत्पश्चात सिंधिया कोलारस स्टेडियम से प्रस्थान कर लोहदेवी मंदिर पहुंचेंगे, जहां विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।
इन विकास कार्यों में प्रमुख रूप से टोंगरा सब-स्टेशन का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही सिरसौद-खोड़ रोड से उदयपुरा की ओर, धुलाई पारे का ताल से फूलपुर डांडा, मनपुरा-मायापुरा रोड से भुवारा, शिवपुरी-पोहरी रोड से जसराजपुर, कोटा रोड से शीतलपुरा, भंवरगढ़ रोड से कंचनपुर की ओर, पिपरसमा-लोहदेवी रोड से झंडू, चिरवाहा से धनरा मार्ग तथा एनएच-27 से बीरा रोड पर क्षतिग्रस्त पुल के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन होगा। कार्यक्रमों के समापन उपरांत सिंधिया लोहदेवी मंदिर से सड़क मार्ग द्वारा ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर