केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कोलारस विधानसभा को दी 33.15 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
- सड़क, शिक्षा और पंचायत भवन से जुड़ी परियोजनाओं का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण
शिवपुरी, 01 सितम्बर (हि.स.)। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले प्रवास के दौरान कोलारस विधानसभा क्षेत्र को लगभग 33.15 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन तथा हाई स्कूल भवन एवं ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने 15.35 करोड़ की लागत से बनने वाली पाली-राजगढ़ रोड तथा 4.96 करोड़ की लागत से कुमरौआ-बगरोद रोड वाया पिपरोदा के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही पडोरा चौराहा पर 7.06 करोड़ की लागत से बनने वाली आरसीसी रोड का कार्य भी शुरू किया गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और सड़क कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने बिजरौनी बाईपास रोड के लगभग 1.50 करोड़ तथा दौलतपुर-साईखेड़ा रोड के लगभग 2.42 करोड़ की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया। इन दोनों सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा कोलारस विधानसभा में विकास और कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कर्या में 1.47 करोड़ की लागत से निर्मित हाई स्कूल भवन तथा खरई ग्राम पंचायत में 38 लाख की लागत से निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा, मजबूत बुनियादी ढांचा और स्थानीय स्तर पर सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला है। कोलारस के विकास का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र यादव ने कहा कि जन-आकांक्षाओं के अनुरूप क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इन विकास कार्यों के तहत टोंगरा से पाली-राजगढ़, चौराहा आरसीसी मार्ग एवं खरौआ से बागरोद मार्ग के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और यात्रा का समय घटेगा। शिक्षा के क्षेत्र में नए स्कूल भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, वहीं नए ग्राम पंचायत भवनों से ग्रामीणों को प्रशासनिक योजनाओं का लाभ सीधे गांव में ही प्राप्त होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर