मप्रः एनसीटीई पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु तृतीय एवं अंतिम चरण की समय-सारणी जारी

 


- ऑनलाइन पंजीयन 11 से 13 सितम्बर तक, 17 सितम्बर को होगा सीट आवंटन

भोपाल, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में संचालित राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) से संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तृतीय एवं अंतिम चरण की समय-सारणी जारी कर दी गई है। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन एवं प्रवेश संबंधी प्रक्रिया पूर्ण कर सकेंगे।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी समय-सारणी के अनुसार ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन की प्रक्रिया 11 से 13 सितम्बर तक होगी। पंजीकृत आवेदनों के दस्तावेजों का सत्यापन 11 से 15 सितम्बर तक किया जाएगा। इसके पश्चात 16 सितम्बर को मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी। 17 सितम्बर को सीट आवंटन किया जाएगा। सीट आवंटन के बाद विद्यार्थियों को आवंटित हेल्प सेंटर पर मूल दस्तावेजों एवं टीसी/माइग्रेशन प्रमाण-पत्र के साथ भौतिक सत्यापन के लिए उपस्थित होकर लिंक इनिशिएट करना होगा। यह प्रक्रिया 17 से 19 सितम्बर तक निर्धारित की गई है।

आवंटित महाविद्यालय में प्रवेश शुल्क का भुगतान 17 से 20 सितम्बर तक किया जा सकेगा। निर्धारित अवधि में प्रवेश शुल्क का भुगतान नहीं करने पर आवेदक का प्रवेश मान्य नहीं होगा। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम चरण की निर्धारित समय-सारणी का ध्यान रखते हुए समय-सीमा में आवेदन, दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि प्रवेश से संबंधित किसी प्रकार की असुविधा न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर