दुबई से अपने पति की तलाश में मध्य प्रदेश के सतना पहुंची महिला, पुलिस से मांगी मदद

 




सतना, 06 सितंबर (हि.स.)। दुबई से एक महिला अपने लापता पति को तलाशते हुए मध्य प्रदेश के सतना पहुंची है। महिला ने सतना पुलिस से अपने पति सुनील ठाकुर को ढूंढने के लिए मदद मांगी है। महिला का कहना है कि उसके पति अचानक दुबई से भारत लौट आए, लेकिन अब उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

शनिवार देर रात थाने पहुंची महिला ने पुलिस को बताया कि उसका नाम अश्विंदर कौर है। वह साल 2020 से सुनील ठाकुर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों के रिश्ते के बारे में सुनील और उसके परिवार के सदस्यों को जानकारी थी। महिला ने पुलिस से मदद के लिए आवेदन सौंपा है।

अश्विंदर ने बताया कि मेरे हस्बैंड सुनील ठाकुर मेरे साथ दुबई में रहते थे। हमने 23 फरवरी 2025 को जबलपुर के सिविक सेंटर स्थित गुरुद्वारे में शादी की थी। शादी उनके रिश्तेदारों और अन्य लोगों की मौजूदगी में हुई थी। अब वह दुबई से यहां आ गए हैं। मैं उन्हें जबलपुर और सतना में ढूंढ रही हूं। मुझे पता चला है कि वह सतना में अपनी बहन के घर आए हुए हैं। उनकी मां सुनीता रोरा, जो मेरी सास हैं, भी यहां आई हुई हैं। उन्हें वहां छिपाकर रखा गया है। मुझसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि मेरे साथ नहीं रहना है और उन्हें यहां जबरदस्ती लेकर आई हैं।

महिला के मुताबिक, मैं दुबई से यहां अपने पति को ढूंढते हुए आई हूं। मैं उनकी कानूनी रूप से विवाहित पत्नी हूं और चाहती हूं कि पुलिस इस मामले में मेरी मदद करे और उचित कार्रवाई करे। महिला ने कहा कि मैं बहुत परेशान हूं और उन्हें ढूंढने के लिए यहां-वहां भटक रही हूं। मुझे नहीं पता कि वे लोग कहां रह रहे हैं। अगर किसी को उनके बारे में कोई जानकारी है तो कृपया मुझे बताएं।

अश्विंदर ने बताया कि वह दुबई में जॉब करती है। पिछले 23 साल से वहीं रह रही है। उसकी पहले भी शादी हुई थी, जिसका तलाक हो चुका है। उसने अपने परिवार और ससुराल वालों को इसकी जानकारी पहले ही दे दी थी। उसने बताया कि मेरी उम्र उनसे 12 साल ज्यादा है, इसके बावजूद उन्होंने मुझसे शादी की। मैं नवंबर 2020 से उनके साथ हूं। हमारी शादी 2025 में हुई, लेकिन 2020 से हम दुबई में साथ में रह रहे थे। मुझे मध्य प्रदेश पुलिस और प्रशासन से उम्मीद है कि मुझे न्याय मिलेगा।

डीएसपी मनोज दीक्षित ने बताया कि दुबई से एक महिला यहां आई हुई हैं। उन्होंने महिला थाने में शिकायत दी है। उनके पति उन्हें छोड़कर यहां आ गए हैं। अपनी बहन या किसी अन्य रिश्तेदार के यहां रह रहे हैं। महिला अपने पति को ढूंढ रही हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल महिला ने महिला थाने में आवेदन दिया है। वह अपनी ससुराल और ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों के यहां अपने पति को तलाशने की कोशिश कर रही हैं। अभी तक पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई या प्रकरण दर्ज नहीं किया है, क्योंकि यह पति-पत्नी से जुड़ा मामला है। पुलिस से अपने पति को ढूंढने में मदद चाहती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर