सतनाः राज्यमंत्री ने की धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा, कहा- किसानों की सुविधा के समुचित प्रबंध करें
सतना, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की नगरीय विकास और आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने मंगलवार को सतना के सर्किट हाउस में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर रैगांव विधानसभा क्षेत्र सहित जिले में धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में सभी मानदण्डों के अनुरूप किसानों की सुविधा के समुचित प्रबंध किये जायें।
बैठक में एसडीएम रघुराजनगर ग्रामीण एलआर जांगडे, जिला आपूर्ति अधिकारी सम्यक जैन, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम पंकज बोरसे, सीईओ केन्द्रीय सहकारी बैंक यश ब्रम्हवंशी, लाजिस्टिक से दिनेश त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने रैगांव विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किये जाने वाले उपार्जन केन्द्रों और पात्र समितियों की जानकारी लेते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों का एक-एक दाना खरीदा जा सके, ऐसी व्यवस्था करें। अपनी उपज को लाने और विक्रय करने में किसान को कोई कठिनाई नहीं हो तथा उनका भुगतान भी शीघ्र प्राप्त हो जाये।
खरीदी धान के सुरक्षित भण्डारण की कार्य योजना की जानकारी लेते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि धान की मिलिंग बढाये ताकि भण्डारण के लिए ज्यादा स्पेश मिल सके। इसके साथ ही अपात्र समितियों से शार्टेज की डिपोजिट जमाकर उन्हें पात्रता की श्रेणी में लाने का प्रयास भी करें। लंबित सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा में राज्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि सभी राशन दुकानों में खाद्यान का उठाव और हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण समय पर किया जा रहा है।
राज्यमंत्री ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों की मैपिंग करते समय ध्यान रखे कि अधिक पैदावार वाले क्षेत्रों में केन्द्र जरूर बने और उपार्जन केन्द्र तक किसानों को अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़े। उन्होंने कहा कि अन्य विकासखण्ड की तरह सोहावल विकासखण्ड में भी विपणन समिति बनाएं।
बैठक में बताया गया कि रैगांव विधानसभा क्षेत्र में कुल 22 समितियां है। जिनमें से 11 समितियां ही पात्र है। इस हिसाब से एक समिति को दो-दो खरीदी केन्द्र दिये जा सकते है। लाजिस्टिक एवं वेयर हाउसिंग के अधिकारियों ने बताया कि अभी 2 लाख 40 हजार एमटी की भण्डारण क्षमता उपलब्ध है। जबकि खरीदी के अनुमान के मुताबिक 1 लाख 60 हजार एमटी भण्डारण के लिए ओपेन कैंप बनाये जाने होंगे। जिला उपार्जन समिति की बैठक में मैपिंग और धान उपार्जन केन्द्रों का निर्धारण कर शीघ्र खरीदी केन्द्र स्थापित किये जाएंगे।
राज्यमंत्री ने ली पुलिस और आबकारी अधिकारियों की बैठक
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने जिले के आबकारी अधिकारियों और संबंधित थानों के टीआई तथा पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर रैगांव विधानसभा क्षेत्र सहित जिले में अवैध रूप से मादक पदार्थो की बिक्री, भण्डारण, परिवहन पर की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लाइसेंसी मदिरा दुकानों में रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाये तथा अधिक कीमत पर मदिरा बिक्री करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध कार्यवाही करें।
इस मौके पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, एसडीएम रघुराजनगर एलआर जांगडे, सीएसपी मनीष त्रिपाठी, एसडीओपी नागौद रघुकेशरी, जिला आबकारी अधिकारी एसके उराव सहित सभी वृत्त के सहायक आबकारी अधिकारी, थाना प्रभारी कोठी एसके तिवारी, थाना प्रभारी कोलगवां संदीप सोनी, सिविल लाइन प्रीति विश्वकर्मा, थाना प्रभारी रैगांव, सिंहपुर, नागौद, पुलिस चैकी प्रभारी बाबूपुर भी उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने विभिन्न थानों में आबकारी एक्ट के तहत दर्ज प्रकरणों और की गई कार्यवाहियों की जानकारी ली। थानों में जनवरी 2026 से अब तक दर्ज आबकारी प्रकरणों की जानकारी में बताया गया कि थाना कोठी में 93, रैगांव में 25, सिंहपुर में 52, नागौद में 233, सिविल लाइन में 173, सिटी कोतवाली में 217, कोलगवां में 400 (बाबूपुर चैकी सहित) प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किये गये हैं।
सहायक आयुक्त आबकारी एस.के. उराव ने बताया कि रैगांव क्षेत्र में लाइसेंसी मदिरा की कुल 11 दुकानें संचालित है। आबकारी दस्ते और पुलिस अधिकारियों द्वारा निरीक्षण भ्रमण के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से मदिरा के विक्रय परिवहन और भण्डारण पर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। राज्यमंत्री ने कहा कि विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से मादक पदार्थो की बिक्री की रोकथाम के प्रभावी प्रयास किये जाये। अगले 15 दिनों में पुनः बैठक में समीक्षा की जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर