सतनाः सावन के पहले सोमवार श्री गैबीनाथ स्वामी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

 


- प्रशासनिक व्यवस्था रही चाक-चौबंद

सतना, 03 अगस्त (हि.स.)। सावन माह के प्रथम सोमवार को मध्य प्रदेश के सतना जिले के प्रसिद्ध एवं प्राचीन श्री गैबीनाथ स्वामी मंदिर बिरसिंहपुर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही शिवभक्तों का मंदिर परिसर में तांता लगा रहा। भक्तजन श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान शिव का जल, दुग्ध एवं पूजन सामग्री से अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित करते रहे।

प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के तहत श्रद्धालु सुव्यवस्थित ढंग से जलाधारी पर भगवान शिव का अभिषेक कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक और सुदृढ़ व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। मंदिर परिसर एवं आसपास सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, जिससे दर्शन और पूजन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।

व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के लिए तहसीलदार डॉ. शैलेन्द्र शर्मा, थाना प्रभारी सभापुर शंखधर द्विवेदी सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों का प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहा है। अधिकारियों की निगरानी में श्रद्धालु सुगमता एवं सुरक्षित वातावरण में दर्शन-पूजन कर रहे हैं। सावन के प्रथम सोमवार पर मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गुंजायमान रहा। पूरे दिन श्रद्धालुओं की भारी आमद के बीच आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर