सतनाः जिले के शिवराजपुर में स्थापित होगा 50 मेगावाट सौर ऊर्जा सह भण्डारण पार्क

 


- अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने सतना में ली अधिकारियों की बैठक

सतना, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन द्वारा सतना जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत तहसील नागौद के ग्राम शिवराजपुर में 50 मेगावाट सौर ऊर्जा सह भण्डारण पार्क परियोजना की स्वीकृति दी गई है। इस सोलर प्लांट के विकास और परियोजना डेवलपर्स के चयन के लिए रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड को सौर ऊर्जा पार्क विकासक के रूप में नियुक्त किया गया है।

यह जानकारी राज्य शासन के अपर मुख्य सचिव एवं नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के आयुक्त मनु श्रीवास्तव ने शुक्रवार को सतना जिले के प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर परियोजना कार्य की तैयारियों की समीक्षा करते हुए दी। इस मौके पर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम नागौद सुमेश द्विवेदी, तहसीलदार ऋषिराज सिंह, प्रज्ञा द्विवेदी, नायब तहसीलदार यादवेन्द्र मणि त्रिपाठी, वन विभाग और रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर के अधिकारी उपस्थित थे।

सोलर मेगा प्रोजेक्ट शिवराजपुर की जानकारी में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बताया कि सोलर प्लांट का निर्माण ग्राम शिवराजपुर तहसील नागौद के आराजी क्रमांक 4 रकवा 107.318 हेक्टेयर एवं आराजी क्रमांक 1424/1/1/1 रकबा 80.298 हेक्टेयर कुल रकबा 187.6 हेक्टेयर (463.59 एकड) भूमि में किया जाना है। प्रस्तावित स्थल की सीमायें राजस्व ग्राम मडई और ग्राम मोरा से लगी हुई है। भूमि का चयन राजस्व एवं वन विभाग के संयुक्त सर्वे द्वारा किया गया है।

उन्होंने बताया कि चिन्हित भूमि अनुपयोगी एवं बंजर भूमि है। प्रस्तावित सोलर प्लांट के निकट उपलब्ध वन भूमि सर्वोच्च न्यायालय की सिविल याचिका के निर्णय अनुसार लेफ्ट आउट एरिया के अंतर्गत आता है। प्रस्तावित परियोजना क्षेत्र के भीतर छोटी-मोटी मौजूद संरचनाओं को स्थानांतरित किया जा सकेगा। सोलर प्लांट के निकट ग्राम मोरा में खसरा क्रमांक 198/1 कुल रकबा 262.94 हेक्टेयर वन मध्यप्रदेश शासन खसरा क्रमांक 199/1 रकबा 112.109 हेक्टेयर मध्यप्रदेश शासन तथा ग्राम मडई खसरा क्रमांक 3/1 रकबा 111.172 हेक्टेयर मध्य प्रदेश शासन नवइअत जंगल दर्ज है।

अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने कहा कि सोलर प्लांट के स्थापित होने से सतना और आस-पास जिलों के साथ अन्य राज्यों को भी ग्रिड के माध्यम से बिजली की आपूर्ति हो सकेगी। पर्यावरण का संरक्षण और क्षेत्र का आर्थिक विकास होने के साथ ही प्लांट के निर्माण और रख-रखाव में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो सकेगे।

उन्होंने कहा कि कोयले की बिजली की तुलना में सोलर एनर्जी सस्ती हो रही है। सतना जिले में 50 मेगावाट सौर ऊर्जा प्लांट और ऊर्जा के भण्डारण से कोयले की बिजली की तुलना में सोलर की बिजली अत्यंत कम रेट में उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने प्रस्तावित परियोजना के क्षेत्र के बाउण्ड्री और एरिया को स्पष्ट परिभाषित करने के निर्देश दिये।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर