सागरः बंडा में बेबस नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत

 




सागर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में शुक्रवार को बेबस नदी में नहाने गए दो किशोरों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस अचानक हुए हादसे से दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, मृतक किशोर अपने अन्य दोस्तों के साथ शुक्रवार को साइकिल से चौका गांव के पास स्थित बेबस नदी को देखने के लिए निकले थे। नदी के सुंदर और खुले वातावरण को देखकर बच्चे वहां नहाने लगे। इसी दौरान मस्ती और नहाने के क्रम में दो किशोर अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

जब दोनों किशोर डूबने लगे, तो उनके साथ मौजूद अन्य बच्चों की चीख निकल पड़ी और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए बंडा थाना प्रभारी आनंद सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे का शिकार हुए दोनों किशोरों की पहचान पीयूष रैकवार (14 वर्ष) पुत्र - राजकुमार रैकवार, निवासी - वार्ड क्रमांक 10, सिविल लाइन, बंडा और कृष्णकांत उर्फ कान्हा जोगी (15 वर्ष) पुत्र गुलाब जोगी, निवासी - जुगयाना मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 10, बंडा के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों किशोरों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रशासन और पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना के हर पहलू का पता लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे