सागर जहरीली शराब मामलाः एसीएस ने बीएमसी और जिला अस्पताल पहुंचकर देखी उपचार की व्यवस्था
भोपाल, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बण्डा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली एवं अवैध शराब के सेवन से प्रभावित मरीजों के उपचार एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग की अपर मुख्य सचिव दीपाली रस्तोगी रविवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल पहुंची। यहां उन्होंने उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य की स्थिति तथा उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।
बीएमसी के निरीक्षण के दौरान एसीएस दीपाली रस्तोगी गहन परीक्षण कक्ष में पहुंचीं और उपचाररत मरीज को देखा। उन्होंने मरीज से चर्चा कर जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने संभागायुक्त अनिल सुचारी, कलेक्टर प्रतिभा पाल से घटनाक्रम तथा मरीजों के उपचार की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों को आईसीयू में भर्ती मरीजों की सघन निगरानी करने तथा उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बीएमसी निरीक्षण के पश्चात एसीएस दीपाली रस्तोगी जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने उपचाररत मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर अस्पताल में उपलब्ध उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों को भर्ती मरीजों की स्थिति पर सतत एवं गहन निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उप पुलिस महानिरीक्षक एसएस चौहान सहित स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थे।
सांसद, विधायक, आबकारी आयुक्त ने सिविल अस्पताल पहुंचकर मरीजों का जाना हालचाल
बण्डा क्षेत्र में संदिग्ध/अवैध जहरीली शराब के सेवन से प्रभावित हुए नागरिकों को त्वरित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में दमोह लोकसभा क्षेत्र से सांसद राहुल सिंह लोधी, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना सहित कलेक्टर प्रतिभा पाल, एसपी अनुराग सुजानिया ने बण्डा सिविल अस्पताल पहुंचकर उपचाररत मरीजों का हाल-चाल जाना।
अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे चर्चा कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान सांसद श्री राहुल सिंह लोधी ने सिविल अस्पताल के डॉक्टरों को निर्देश दिए कि सभी मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में गुणवत्तापूर्ण व नि:शुल्क इलाज मुहैया कराया जाए। इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना एवं कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि घटना में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्रों की शराब दुकानों को सील कर सैंपलिंग भी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, जिलाध्यक्ष रानी कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
गंभीर मरीज को तुरंत एयरलिफ्ट कर एम्स भोपाल भेजा गया
बंडा के ग्राम बमूरा मेड़ा निवासी रामप्रसाद पुत्र गोविंद लोधी की जहरीली शराब सेवन के बाद स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर एम्स भोपाल भेजा गया है, जहां उच्च स्तरीय उपचार जारी है। शासन-प्रशासन प्रत्येक पीड़ित को त्वरित एवं सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर