सागरः मंत्री राजपूत और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शस्त्र पूजन

 


सागर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में मंगलवार को दशहरा के अवसर पर गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय आयोजन में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह में प्रशासनिक और पुलिस महकमे के कई दिग्गज अधिकारी मौजूद रहे। इनमें सागर संभागायुक्त दिलीप कुमार, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन इरशाद वली, पुलिस उप महानिरीक्षक शशीन्द्र चौहान, और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

पुलिस लाइन परिसर में परंपरागत रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्रों का विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन किया गया। पुलिस बल के लिए शस्त्र केवल सुरक्षा के साधन नहीं हैं, बल्कि यह कानून के शासन की रक्षा, अपराधियों पर नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक हैं।

हर्ष फायर और शस्त्रागार का भ्रमण

समारोह के दौरान हर्ष फायर किए गए, जिसने पुलिस बल की शौर्यपूर्ण परंपरा और अनुशासन का संदेश दिया। पूजन के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने शस्त्रागार का भ्रमण किया और पुलिस वाहनों का भी विधि-विधान से पूजन किया गया, जो आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। यह आयोजन सागर पुलिस के जनसुरक्षा और सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करने वाला रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे