मप्रः सागर जिले में देर रात हुए दो सड़क हादसों में पांच युवकों की मौत

 


सागर, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बुधवार की रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच युवकों की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहला हादसा बंडा रोड पर सौरई फैक्ट्री के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दूसरा हादसा खेल परिवार के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एक आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लेकर फरार डंपर की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सागर के बंडा रोड पर स्थित ग्राम सौरई में फैक्ट्री के पास बुधवार देर रात एक अज्ञात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार तीन युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर एसडीओपी प्रदीप वाल्मिकी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों का पंचनामा बनाकर एंबुलेंस की मदद से बंडा अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक को थाने पहुंचाया है। टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। प्राथमिक जांच में मृतकों की पहचान प्रयांशु रैकवार, हर्ष रैकवार और तुलसीराम राय (निवासी पठार मोहल्ला, बंडा) के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

वहीं, दूसरा हादसा बुधवार रात करीब 12 बजे खेल परिसर के सामने हुआ। पीलीकोठी घाटी से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर से बाइक सवार दो युवक उछलकर सड़क पर गिरे। इनमें से एक युवक ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक ट्रक के नीचे फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना देख राहगीरों ने ट्रक को रोककर ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर सीएसपी ललित कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर