मप्रः सागर के खुरई में खेत में मवेशी घुसने पर किसान की हत्या
सागर, 04 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में खुरई देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैजरा इज्जत में बुधवार को खेत में मवेशी घुसने को लेकर हुए विवाद में एक किसान की हत्या का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खैजरा इज्जत में बुधवार सुबह मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव में खेत में मवेशी घुसने को लेकर हुए झगड़े में पांच लोगों ने मिलकर एक किसान की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 55 वर्षीय भगवान दास यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि सुबह भगवान दास का गांव के ही जयराम, केदार, करतार, नीरज और केदारनाथ यादव से विवाद हुआ था। विवाद का कारण केवल खेत में मवेशियों का घुसना था। उस समय तो मामला शांत हो गया और भगवान दास अपने मवेशियों को चराने के लिए घर से निकल गए, लेकिन आरोपियों के मन में रंजिश बाकी थी।
आरोप है कि पांचों आरोपी एक राय होकर हत्या के इरादे से भगवान दास के पीछे जंगल की ओर गए। वहां सुनसान जगह देखकर उन्होंने किसान पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। हमले के दौरान गर्दन पर गहरा घाव लगने के कारण भगवान दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही खुरई देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर ने बताया कि मृतक की बहू देवी यादव की शिकायत और प्राथमिक जांच के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं। प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर