उज्जैन में ग्रामीण डाक सेवक सम्मेलन आज, केन्द्रीय मंत्री सिंधिया करेंगे अध्यक्षता

 


उज्जैन, 24 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में आज मंगलवार को भारतीय डाक विभाग द्वारा ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में शाम 5 बजे से आयोजित इस सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय संचार एवं उत्तरपूर्व क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे।

कार्तिक मेला ग्राउंड पर हो रहे इस कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम मिलावट, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, इंदौर सांसद शंकर लालवानी, विधायक अनिल जैन (कालूहेडा) सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी अरुण कुमार राठौर ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण डाक सेवकों के समर्पण और सेवा को सम्मानित करना है। ये ग्रामीण क्षेत्रों में इंडिया पोस्ट की रीड़ हैं। सम्मेलन का उद्देश्य लोगों को जोड़ने तथा ग्रामीण भारत में डाक, बैंकिंग और बीमा सेवाओं का विस्तार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करना भी है।

कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया ग्रामीण डाक सेवा समुदाय के साथ बातचीत करेंगे। आधुनिक और नागरिक केंद्रित डाक नेटवर्क के लिए अपने दृष्टिकोण के बारे में बताएंगे और उन्हें ग्रामीण समुदायों की सरकारी और वित्तीय सेवाएं प्रदान करते विभाग को लाभ की स्थिति तक लाने में उनकी भूमिका को और मजबूत करने के लिए प्रेरित करेंगे। सम्मेलन में सिंधिया डाक और पार्सल वितरण, नए बचत खाते खोलने, डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) पॉलिसी खरीदने, ग्रामीण क्षेत्रों में लाभार्थियों को सीधे भुगतान जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट और सर्वश्रेष्ठ कार्य निष्पादन करने वाले ग्रामीण डाक सेवकों को सम्मानित करेंगे।

कार्यक्रम में डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सदस्य (कार्मिक) डाक सेवा बोर्ड सुबेदु कुमार स्वैन, डीडीजी (स्थापना) राजकुमार, निदेशक (ग्रामीण डाक सेवक) रवि पाहवा, मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल मध्य प्रदेश परिमंडल विनीत माथुर, पोस्ट मास्टर जनरल इंदौर परिक्षेत्र प्रीति अग्रवाल, निदेशक डाक सेवाएं (मुख्यालय) आरएस रघुवंशी, निदेशक डाक सेवाएं जबलपुर परिक्षेत्र अजयसिंह व उप निदेशक डाक लेखा भोपाल आशुतोष सती भी उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश परिमंडल के विभिन्न संभागो से 6500 से 7000 ग्रामीण डाक सेवक शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर