मप्रः भोपाल में प्रस्तावित 'सेना दिवस परेड - 2027' के आयोजन के लिए रूपरेखा तैयार, कलेक्टर ने की समीक्षा
भोपाल, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आगामी 15 जनवरी 2027 को ऐतिहासिक 'सेना दिवस परेड' (आर्मी डे परेड) का आयोजन किया जाय़एगा। इसकी तैयारियों के दृष्टिगत मंगलवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय बैठक की गई।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि यह भव्य आयोजन राजधानी भोपाल के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। अतः सभी संबंधित विभाग अपने-अपने सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण जवाबदेही एवं उत्कृष्ट समन्वय के साथ निर्धारित समयावधि में निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने भारतीय सेना के कर्नल सनी जूनेजा एवं कर्नल सुब्रत मिश्रा के साथ सतत संपर्क बनाए रखने पर बल दिया।
कलेक्टर मिश्रा ने निर्देश दिए कि सेना दिवस परेड के विशिष्ट मानकों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप सैन्य अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रस्तावों व दिशा-निर्देशों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ अनुपालन किया जाए, ताकि इस गरिमामयी समारोह को पूर्ण भव्यता और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संपन्न कराया जा सके।
बैठक में कर्नल सनी जुनेजा, कर्नल सुब्रत मिश्रा, एडीएम महेंद्र कवचे, एसडीएम आशुतोष शर्मा, निधि चौकसे, लोक निर्माण विभाग, मध्य प्रदेश विद्युत विभाग, नगर पालिक निगम भोपाल, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल), राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) सहित विभिन्न सम्बद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर