रीवाः सेवा संकल्प अभियान में आशीर्वाद के 51 हजार दीपों से जगमगाया पचमठा

 


- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश बनेगा आर्थिक महाशक्ति और विश्वगुरू : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल, 17 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में गुरुवार शाम को सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर बीहर नदी रिवर फ्रंट के पचमठा घाट पर 51 हजार आशीर्वाद के दीपक जलाए गए। रिवर फ्रंट के साथ निर्मित बीहर नदी के मनोरम घाट पर जगमगाते हजारों दीपकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आशीर्वाद और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का शाम 6.40 बजे शुभारंभ करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। आर्थिक और राजनीतिक महाशक्ति के रूप में विश्व मंच पर मोदी ने भारत को बड़ी प्रतिष्ठा दिलाई है। हाल ही में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के प्रस्ताव इसके प्रमाण हैं। प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस मना रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए लागू की गई अनेक योजनाओं से रीवा जिले में लाखों हितग्राही लाभान्वित हुए हैं। सभी हितग्राहियों ने आशीर्वाद का दीपक जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पुनर्घनत्वीकरण योजना से निर्मित सुंदर रिवर फ्रंट और पचमठा धाम में जगमगाते हजारों दीपक विकास की कहानी कह रहे हैं। आज देश में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के माध्यम से लाखों लोगों ने रक्तदान करके प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं और पीड़ित मानवता की सेवा में योगदान दिया है। बीहर के तट पर सुंदर आकृति में सजे दीप सबको आकर्षित कर रहे थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सैकड़ों हितग्राहियों ने भी आशीर्वाद के दीपक जलाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में एयरपोर्ट, हाईवे, रेलवे और सिंचाई सुविधा का तेजी से विकास हुआ है। भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था से विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। जलजीवन मिशन से हर घर में नल से स्वच्छ पानी पहुंचाने का प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प पेयजल की समस्या को मिटाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने नक्सलवाद का अंत, आतंकवाद का दमन और धारा 370 को समाप्त करने जैसे साहसिक फैसले लेकर देश को नई दिशा दी। हम सब देश को सनातन एकता के सूत्र में बांधने वाले शंकराचार्य जी के पंचमठ की पावन भूमि में प्रधानमंत्री मोदी को हजारों दीप जलाकर शुभकामनाएं दे रहे हैं।

सेवा संकल्प अभियान में बीहर तट में जगमगाते दीपों की निराली छटा ने सबका मन मोह लिया। हजारों लोगों ने सामूहिक रूप से बीहर आरती में शामिल होकर प्रधानमंत्री श्री मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में संत विजय ब्रम्हचारी, सांसद जनार्दन मिश्र, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, संगठन प्रभारी विजय दुबे तथा बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं पार्षद शामिल रहे।

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव तथा रीवा जिले के प्रभारी अधिकारी केसी गुप्ता, कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह, आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, अन्य अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर