रीवाः सांसद जनार्दन मिश्रा के बिगड़े बोल, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर भड़के
रीवा, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने एक बार फिर विवादित बयान दे दिया। रविवार शाम को रीवा एयरपोर्ट पर नई विमान सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए तीखी टिप्पणी की।
सांसद मिश्रा ने कार्यक्रम में देश की आर्थिक स्थिति और एथेनॉल नीति पर अपनी बात रखी। उन्होंने एथेनॉल मिश्रण का बचाव करते हुए कहा कि भारत में केवल 20 फीसदी कच्चे तेल का उत्पादन होता है, जबकि 80 प्रतिशत तेल विदेश से आयात करना पड़ता है। वैश्विक युद्ध की स्थितियों के कारण अब तेल आपूर्ति के लिए जहाजों को 18 हजार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। ऐसे में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने की बात करते हैं तो कुछ लोग विरोध में आंदोलन करने लगते है।
उन्होंने दुनिया के दूसरे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि ब्राजील दुनिया में सबसे ज्यादा एथेनॉल बनाता है। वहां 100 प्रतिशत एथेनॉल से गाड़ियां चल रही हैं, फिर भी वाहनों में कोई समस्या नहीं आती। भारत में भी ऑटोमोबाइल विशेषज्ञ और कार मैकेनिक मानते हैं कि एथेनॉल से गाड़ियों के इंजन को नुकसान नहीं पहुंचता, फिर भी इसका बेवजह विरोध किया जा रहा है।
सांसद मिश्रा ने प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन की तारीफ करते हुए दावा किया कि आज भारत में दुनिया का सबसे अधिक रोजगार और सबसे कम महंगाई दर है। देश में अराजकता न होने के कारण विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चीन और पाकिस्तान के मंसूबों का विरोध करने के बजाय देश की प्रगति में रोड़ा अटका रहे हैं, जबकि सभी को सरकार की विकास नीतियों का समर्थन करना चाहिए।
जिस समय सांसद ने यह बयान दिया, उस समय कार्यक्रम के मंच पर कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इनमें उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सतना सांसद गणेश सिंह और राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर