रीवाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने किया पेंटियम प्वाइंट के तीन नवीन कॉलेजों का लोकार्पण

 


- खो-खो खेल प्रतियोगिता के खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

भोपाल, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रविवार को रीवा में पेंटियम प्वाइंट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस' के तीन नवीन महाविद्यालयों का भव्य लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में आयोजित अंतर-विश्वविद्यालयीन पश्चिम क्षेत्र खो-खो महिला प्रतियोगिता का निरीक्षण कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने फीता काटकर किया, जिसके माध्यम से पेंटियम प्वाइंट कॉलेज ऑफ फार्मेसी, पेंटियम प्वाइंट कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट और पेंटियम प्वाइंट कॉलेज ऑफ लॉ का विधिवत संचालन शुरू हुआ। लोकार्पण के पश्चात शुक्ल ने नवनिर्मित परिसर का भ्रमण किया और वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं व सेमिनार हॉल का अवलोकन किया।

उन्होंने संस्थान के मुख्य प्रबंध संचालक को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सर्वसुविधायुक्त परिसर इस क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा और उच्च शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने खो-खो प्रतियोगिता में भाग ले रही खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने मैदान पर बच्चियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनका जज्बा और कौशल यह दर्शाता है कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी हैं। इस दौरान पूर्व विधायक के.पी. त्रिपाठी ने भी संस्थान की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली, सुरक्षा और स्वच्छता की प्रशंसा करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए सर्वथा अनुकूल बताया।

यह विशाल आयोजन पेंटियम प्वाइंट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस और अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों की कुल 65 टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

समारोह के दौरान संस्थान के मुख्य प्रबंध संचालक बी.एन. त्रिपाठी ने उप मुख्यमंत्री व अन्य विशिष्ट अतिथियों का शाल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने बेटियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आज की बेटियां पारंपरिक दायित्वों के साथ-साथ खेलों में भी बढ़चढ़ कर भाग ले रही हैं। खो-खो जैसे कठिन खेल में उनकी मानसिक और शारीरिक एकाग्रता प्रशंसनीय है। इस अवसर पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर ईश्वर पांडेय, अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ऑब्जर्वर कविता कोलगड़े, एपीएसयू के शारीरिक शिक्षा विभाग के निदेशक प्रो. रामभूषण मिश्रा सहित डॉ. सुनीता सिंह, डॉ. पंकज सिंह, शैक्षणिक संचालक एस.के. त्रिपाठी और क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक व समाजसेवी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर