रीवाः जिला न्यायालय परिसर में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति कार्य का उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने किया भूमि पूजन
भोपाल, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सोमवार की रीवा में जिला न्यायालय परिसर में विधायक निधि से 9 लाख 20 हजार रुपए की स्वीकृति से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति कार्य का भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में शुद्ध व स्वच्छ पेयजल अप्रैल माह के अंत तक पहुंच जाएगा। भव्य न्यायालय परिसर में पीने के पानी की समस्या की ओर अधिवक्ताओं ने ध्यान आकृष्ट कराया था। अब इस परिसर को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देश पर न्यायालय के पीछे का गेट खोले जाने और पार्किंग स्थल में फर्श बनाने व छाया के लिए शेड की व्यवस्था कराने का कार्य भी शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में जो भी कार्य शेष रह गए हैं उनको शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राकेश मोहन प्रधान की भी विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय ने कहा कि नगर निगम न्यायालय परिसर व अधिवक्ताओं की समस्या के निराकरण के लिए सदैव तत्पर है। नगर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे ने कहा कि रीवा शहर के हर मोहल्ले में घर-घर तक मीठा पानी पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अप्रैल माह के अंत तक न्यायालय परिसर में टंकी से पाइपलाइन डालकर स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करा दी जाएगी।
इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने विधायक निधि से पेयजल समस्या के निराकरण के लिए 9 लाख 20 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं और उसका कार्य भी प्रारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री शुक्ल एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि की भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं और हमेशा अधिवक्ताओं की समस्याओं के निराकरण के लिए तत्पर रहते हैं। कार्यक्रम को अधिवक्ता अखण्ड प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता शिवेन्द्र उपाध्याय, घनश्याम सिंह, सुशील तिवारी, रावेन्द्र मिश्र सहित अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर