रीवाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का किया लोकार्पण

 


रीवा, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रविवार को नगर पालिक निगम रीवा द्वारा अमृत 2.0 के अंतर्गत विकसित किए गए नौ एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने एसटीपी का निरीक्षण एवं परीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

अधिकारियों द्वारा उन्हें प्लांट में सीवरेजके संग्रहण, उपचार एवं शोधन की प्रक्रिया तथा विभिन्न तकनीकी व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया। अमृत 2.0 के अंतर्गत विकसित इस सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की 9 एमएलडी उपचार क्षमता है। परियोजना के तहत सीवेज को व्यवस्थित रूप से एकत्रित कर उपचारित करने के लिए 3 इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन का प्रावधान किया गया है। परियोजना के माध्यम से वार्ड क्रमांक 2, 3, 4 एवं 5 को सीवरेज सुविधा से जोड़ा जाना प्रस्तावित है।

परियोजना के अंतर्गत कुल 9,050 हाउस सर्विस कनेक्शन (HSC) प्रस्तावित हैं। इनमें 9 एमएलडी एसटीपी/एमपीएस, एजी कॉलेज ग्राउंड क्षेत्र में 4,183 कनेक्शन, खैरा बस्ती स्थित आईपीएस-1 से 2,697 कनेक्शन, धीर्मा नाला स्थित आईपीएस-2 से 1,895 कनेक्शन तथा हमीदिया कॉलोनी स्थित आईपीएस-3 से 275 कनेक्शन प्रस्तावित हैं। अब तक 6,206 हाउस सर्विस कनेक्शन किए जा चुके हैं, जबकि शेष 2,844 कनेक्शन किए जाना प्रस्तावित है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि 9 एमएलडी सीवेजट्रीटमेंट प्लांट का प्रमुख उद्देश्य शहर से निकलने वाले सीवेज का व्यवस्थित संग्रहण एवं वैज्ञानिक उपचार करना है। इससे बिना उपचारित सीवेज के कारण होने वाले जल एवं पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी तथा शहर में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। आधुनिक सीवरेज प्रबंधन के माध्यम से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि शहर में बेहतर स्वच्छता, आधुनिक सीवरेज व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है, 9 एमएलडी एसटीपी का लोकार्पण रीवा में आधुनिक एवं वैज्ञानिक सीवरेज प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने एसटीपी परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार का संदेश देते हुए पौधरोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर