रीवाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अगडाल उप स्वास्थ्य केन्द्र का किया लोकार्पण

 


- प्रदेश के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में शीघ्र ही तीन हजार डॉक्टर होंगे पदस्थः उप मुख्यमंत्री

रीवा, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बुधवार को रीवा जिले के अगडाल में 65 लाख रुपये की लागत से बनाए गए उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीन हजार से अधिक डॉक्टरों की भर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए की गई है। शीघ्र ही सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में डॉक्टर उपलब्ध होंगे।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने समारोह में 70वीं राज्य स्तरीय हैण्डबाल प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रीवा संभाग की टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की चिंता करनी चाहिए। सरकार ने 30 साल से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच की सुविधा सरकारी अस्पतालों में दी है। समय पर रोग का पता लग जाए तो आसानी से उपचार हो जाता है। गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन और जाँच सुनिश्चित करने में परिवार के लोग भी स्वास्थ्य विभाग को सहयोग करें। गर्भवती महिलाओं की देखभाल स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी है। आमजनता भी महिलाओं और शिशुओं की स्वास्थ्य रक्षा के प्रति जागरूक रहे। पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य जागरूकता के लिए अभियान चलाया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि रीवा जिले ही नहीं पूरे प्रदेश और देश में तेजी से विकास के कार्य हो रहे हैं। कुछ विदेशी शक्तियाँ देश के तेज गति से विकास को सहन नहीं कर पा रही हैं। देश में भी कई लोग बार-बार झूठ और भ्रम फैलाकर निगेटिव नरेटिव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। हमें विकास के कार्यों के साथ-साथ आमजनता को भ्रमित करने वाली ताकतों का भी मुकाबला करना है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। जनप्रतिनिधियों से अपने गांव और शहर के विकास की मांग रखना उनका अधिकार है।

उप मुख्यमंत्री ने अगडाल में स्वर्गीय रामबिहारी मिश्र द्वारा समर्पण के साथ शुरू की गई हैण्डबाल प्रतियोगिता की परंपरा को आगे बढ़ाने और प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता जीतने पर खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही भोलगढ़ रोड का लोकार्पण किया जाएगा। स्वास्थ्य जागरूकता लाकर अगडाल यदि सुमन पंचायत बनती है जिसमें शिशु और मातृ मृत्यु दर शून्य होती है तो उसे सरकार की ओर से एक लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा मैं ग्राम पंचायत को 10 लाख रुपए की राशि दूंगा।

समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि हर गर्भवती महिला के स्वास्थ्य की चिंता कर रही है। गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन और टीकाकरण कराएं। हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं को संभावित प्रसव की तिथि से 15 दिन पहले अस्पताल में भर्ती करा दें। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता को महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल में पूरा सहयोग करें।

समारोह में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय तथा डीपीएम राघवेन्द्र मिश्रा ने उप स्वास्थ्य केन्द्र अगडाल में दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। समाजसेवी श्री विनोद शुक्ला ने गांव के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगे रखीं। समारोह में सरपंच अरविंद सिंह दुबे, हेमलता सिंह, क्षेत्रीय संचालक डॉ. अर्चना पाण्डेय, प्रदीप गौतम सुमन, राजगोपाल मिश्रचारी, रामलाल गौतम, स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियर मधुसूदन खरे तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर