देश के साथ मध्यप्रदेश को भी विकसित राज्य बनाने का लें संकल्प: नरेन्द्र सिंह तोमर

 


- ग्वालियर में हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ समारोहपूर्वक मना मध्यप्रदेश स्थापना दिवस

- सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बरसे मनमोहक लोकरंग, प्रदर्शनी भी रहीं आकर्षण का केन्द्र

ग्वालियर, 01 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि देश का हृदय मध्य प्रदेश तेजी के साथ विकास पथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अधोसंरचना एवं औद्योगिक विकास सहित मध्य प्रदेश का समग्र विकास हो रहा है। ग्वालियर में भी विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर रविवार को मध्य प्रदेश के 71वे स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ग्वालियर में आयोजित हुए जिला स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने आह्वान किया कि हम सब मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर यह संकल्प लें कि वर्ष 2047 तक मध्यप्रदेश को भी देश के साथ विकसित राज्य बनायेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं अपनी ओर से सभी को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की बधाई व शुभकामनायें दीं।

समारोह में सांसद भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, जीडीए के अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन, महर्षि पतंजलि संस्थान के अध्यक्ष कौशल शर्मा, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, संत कृपाल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, साडा के उपाध्यक्ष हरीश मेवाफरोश, जीडीए के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता व मेला प्राधिकरण उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर तथा अभय चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे।

कार्यक्रम में कलेक्टर रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतीक राव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर, अपर कलेक्टर सी बी प्रसाद व अनिल बनवारिया समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

रविवार को जिला प्रशासन के तत्वावधान में मेला परिसर में आयोजित हुए भव्य स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में ग्वालियर का नाम रोशन कर रहीं विभूतियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के वैभव व लोक रंगों पर केन्द्रित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांध दिया। समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई थीं।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में पिछले 20 वर्षों के दौरान विकास के हर क्षेत्र में बड़े आयाम स्थापित हुए हैं। बिजली, सोलर एनर्जी, उन्नत व जैविक खेती, स्वास्थ्य, शिक्षा व सिंचाई सुविधाओं में क्रांतिकारी प्रगति हुई है। सोलर मिशन की गतिविधियों को मूर्तरूप देने में मध्यप्रदेश देश के अव्वल राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा शिक्षा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में अपरमित प्रगति हुई है। प्रदेश में पहले मात्र दो-तीन विश्वविद्यालय हुआ करते थे। अब प्रदेश में विश्वविद्यालयों की बड़ी संख्या हो गई है। इसी तरह पहले मात्र चार मेडीकल कॉलेज थे, अब 22 मेडीकल कॉलेज हैं, जिनकी संख्या शीघ्र ही 40 होने जा रही है। प्रदेश में वर्ष 2004 में मात्र 2900 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता था। अब 26 हजार मेगावाट से अधिक विद्युत उत्पादन हो रहा है।

तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित हो रहीं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट एवं क्षेत्रीय इन्वेस्टर्स कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश में बड़ा औद्योगिक निवेश आ रहा है। इससे प्रदेश के औद्योगिक विकास के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण को बल मिला है। प्रदेश में लाखों लाख महिलायें लखपति दीदी बन चुकी हैं। कृषि के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश में क्रांतिकारी बदलाव आया है। पहले खेती की बात चलने पर पंजाब और हरियाणा का नाम लिया जाता था। अब मध्यप्रदेश देश का सबसे अग्रणी राज्य बन गया है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार जनकल्याण, खेल, साहित्य, कला के प्रोत्साहन के साथ-साथ सैनिकों के सम्मान का भी पूरा ध्यान रख रही है। मध्यप्रदेश सरकार सीमा पर शहीद होने वाले सैनिकों के परिजनों को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश खनिज संपदाओं में भी समृद्ध है। हमारी संपदा इतनी है कि हम ईमानदारी से इसका दोहन करें तो प्रदेश तेजी से उत्तरोत्तर प्रगति पर अग्रसर रहेगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

ग्वालियर में आयोजित हुए स्थापना दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने मनमोहक रंग बिखेरे। माधव संगीत महाविद्यालय की छात्रा मुस्कान बघेल व छात्र श्री सोमिल कुशवाह ने पंडित बिरजू महाराज द्वारा रचित लखनऊ घराने के तराने पर द्रुत गति से शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में इसी महाविद्यालय की छात्राओं ने गोंधल लोक नृत्य के माध्यम से देवी आराधना का मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों की इन प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं सामपन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन श्री एस बी ओझा द्वारा किया गया।

इन विभूतियों का हुआ सम्मान

जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोह में जिला प्रशासन की ओर से विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित अन्य अतिथियों ने कला व खेल सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहीं जिले की विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें राष्ट्रीय स्तर की हॉकी खिलाड़ी दीक्षा भार्गव, विख्यात मूर्तिकार एवं मॉर्डन स्टोन क्राफ्ट आर्टिस्ट दीपक विश्वकर्मा, प्रसिद्ध गायिका अंकिता कैलासिया एवं माइक्रो मिनिएचर आर्टिस्ट हितेन्द्र शाक्य शामिल हैं। इसी तरह नगर निगम की सफाई मित्र कमलेश को भी सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर