अनूपपुर: अमरकंटक विश्वविद्यालय में घटिया भोजन पर सांसद की फटकार, मेस संचालक पर कार्रवाई के निर्देश

 


अनूपपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के छात्रावास में छात्राओं को गुणवत्ताविहीन भोजन परोसने की शिकायत मंगलवार को सांसद हिमाद्री सिंह के निवास पर पहुंचकर बताया। जिस पर सांसद ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार और मेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विश्वविद्यालय की छात्रावासी छात्राओं ने आज गुणवत्ताविहीन भोजन परोसने की शिकायत लेकर सांसद निवास पहुंच कर शिकायत की कि मेस में परोसा जाने वाला भोजन अत्यंत खराब और गुणवत्ताविहीन होता है। खाने में कीड़े-मकोड़े मिलने की शिकायतें आम हो गई हैं, जिससे छात्राएं भोजन करने में असमर्थ हैं। शिकायत पर मेस संचालक का रवैया भी असंवेदनशील रहा, जो कहता है, खाना हो तो खाओ, नहीं तो मत खाओ।

शिकायत पर सांसद हिमाद्री सिंह ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से कहा कि छात्राओं को शुद्ध और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मेस संचालक द्वारा घटिया भोजन परोसा जा रहा है, तो उनका टेंडर तत्काल निरस्त किया जाए और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि सांसद की फटकार के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि भोजन व्यवस्था को शीघ्र सुधारा जाएगा, शिकायतें दूर होंगी और मेस संचालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला