हानिकारक प्रवृत्तियों का त्याग ही नवरात्रि का सच्चा संकल्प : राज्यपाल पटेल
- गुजराती समाज के अष्टमी पूजन और गरबा महोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल
भोपाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि हमारी हानिकारक प्रवृतियां ही आधुनिक समय के राक्षस है। नवरात्रि के नौ दिवस के बाद जिस प्रकार दशमी को भगवान राम ने रावण का अंत किया था, उसी तरह हमारे अंदर की बुराइयों और आदतों को छोड़ना ही नवरात्रि का संकल्प है।
राज्यपाल पटेल रविवार की रात भोपाल में नवरात्रि उत्सव में उपस्थित गुजराती समाज के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। उत्सव का आयोजन गुजराती समाज के द्वारा किया गया था। राज्यपाल पटेल ने समारोह के प्रारम्भ में आदि शक्ति की आरती कर अष्टमी समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने पारंपरिक गुजराती परिधानों के साथ पूरे नवरात्रि उत्सव में शामिल होने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर भोपाल महापौर मालती राय भी उपस्थित थी।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि गुजराती समाज जहॉ बसता है नवरात्रि का भव्य उत्सव वहाँ मनता है। उन्होंने कहा कि गुजराती समाज द्वारा पर्यावरण संरक्षण स्वच्छता, यातायात नियमों के पालन, अन्न के सम्मान और गुजराती संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। परिवार में यदि केवल एक व्यक्ति नशा करता है तो पूरा परिवार पर उसका दुष्प्रभाव पड़ता है। राज्यपाल पटेल ने लोगों से आव्हान किया कि वह नशामुक्त समाज के लिए संकल्पित हों। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस को 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक भव्यता के साथ सेवा संकल्प के रूप में मनाया गया। इस दौरान सेवा कार्यों के साथ ही नशामुक्त अभियान के प्रति जनजागृति के प्रयास भी किए गए। राज्यपाल पटेल की प्रेरणा पर कार्यक्रम में उपस्थितजनों से संकल्प पत्र भरकर संकल्प लिया।
महापौर मालती राय ने गुजराती समाज द्वारा आदर्श समाज की दिशा में किए जा रहे प्रयासों, स्वच्छता पर्यावरण संरक्षण, यातायात नियमों के अनुपालन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि भोपाल के सभी समाज इस दिशा में पहल करे तो भोपाल का स्वरूप भव्य होगा। उन्होंने गुजराती समाज के प्रयासों को बताकर अन्य समाजों को प्रेरित करने की बात भी कही है। राज्यपाल का स्मृति-चिन्ह भेंट कर गुजराती समाज के अध्यक्ष संजय पटेल ने स्वागत किया। गुजराती समाज के अध्यक्ष संजय पटेल ने भी संबोधित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर