रतलामः वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी का निधन, 78 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
रतलाम, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी का निधन हो गया है। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। इंदौर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां रविवार की शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 78 वर्ष के थे।
उनके निधन की खबर मिलते ही रतलाम समेत प्रदेश भर के मीडिया जगत में शोक की लहर छा गई। परिजनों के अनुसार, उनकी अंतिम यात्रा सोमवार, 10 अगस्त की सुबह 10.30 बजे उनके पैलेस रोड स्थित निवास से निकलेगी।
शरद जोशी रतलाम प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष थे। वे नागरिक बैंक व जिला सहकारी संघ पूर्व अध्यक्ष रेडक्रास के वरिष्ठ संचालक के पद पर भी रह चुके थे। इसके अलावा भाजपा के जिला प्रवक्ता भी रहे थे। वे पत्रकारिता के मूल्यों, सिद्धांतों और पत्रकारों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले सशक्त व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में निर्भीकता, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को सदैव सर्वोपरि रखा। पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा मुखर रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर