पूर्व मंत्री स्व. रमाकांत तिवारी का जीवन राजनैतिक शुचिता और गरीबों की सेवा का प्रतीक : तोमर
- त्योंथर में नवीन विकास की हर देन स्व. रमाकांत तिवारी की है : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
भोपाल, 18 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चाकघाट में नेहरू स्मृति कालेज में पूर्व मंत्री स्व.रमाकांत तिवारी की छठवीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि स्व. रमाकांत तिवारी गरीबों की नि:स्वार्थ भाव से सेवा करते थे। मंत्री के रूप में और विपक्ष में रहकर विधायक के रूप में उन्होंने सदैव त्योंथर क्षेत्र के विकास और गरीबों के कल्याण को अपने जीवन का ध्येय बनाए रखा। उनका जीवन राजनैतिक शुचिता और गरीबों की सेवा का प्रतीक है।
विधानसभा अध्य तोमर ने कहा कि स्व. तिवारी ने गरीबों के लिए जो कार्य किए उसकी स्मृति आज भी पूरे त्योंथर क्षेत्र में है। उन्हें पार्टी और सरकार में जो भी भूमिका दी गई उसका उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वाह किया। वर्तमान पीढ़ी के राजनैतिक व्यक्तियों के लिए श्री तिवारी का जीवन और कार्य प्रेरणा के स्रोत हैं। उनके संघर्ष को कई पीढ़ियाँ याद रखेंगी। भगवान ने जैसा शानदार जीवन तिवारी जी को दिया था वैसा ही जीवन हम सबको मिल जाए तो हमारा जीवन सार्थक हो जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्व. रमाकांत तिवारी फूलों की तरह कोमल और आवश्यकता होने पर वज्र की तरह कठोर हो जाते थे। उनके दरवाजे हर समय गरीबों के लिए खुले रहते थे। जो व्यक्ति उनके पास पहुंच गया उसका तिवारी नि:स्वार्थ भाव से मदद करते थे। उन्होंने जो राजनैतिक आदर्श प्रस्तुत किया उसकी वर्तमान में बहुत आवश्यकता है। तिवारी जी का पूरे त्योंथर क्षेत्र में डंका बजता था। त्योंथर का बड़ा पुल, उद्वहन सिंचाई परियोजना, जवा-सितलहा पुल जैसे सभी नए निर्माण कार्यों का श्रेय तिवारी को ही है। उन्होंने अपने पराक्रम, निडरता और गरीबों की मदद के भाव से इस क्षेत्र के हर व्यक्ति के मन में जगह बना ली है।
कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि स्व. रमाकांत तिवारी के संबंध में कहा जाता था कि जिसका कोई नहीं है, तिवारी जी उसके साथ हैं। यह बात सौ प्रतिशत सही है। त्योंथर में बाढ़ की विभीषिका रही हो, डकैत समस्या या सूखे का प्रकोप सभी में स्व. तिवारी आम जनता के बीच खड़े दिखाई देते थे। त्योंथर में विकास के सभी प्रमुख कार्यों का श्रेय स्व. तिवारी को ही है। उनके पुत्र कौशलेश तिवारी भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी ने स्व. तिवारी के व्यक्तित्व और कार्यों पर प्रकाश डाला। समारोह के अंत में स्व. तिवारी के परिजन द्वारा विधानसभा अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री, सांसद, विधायकगणों तथा अतिथियों का सम्मान स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम में आभार व्यक्त करते हुए कौशलेश तिवारी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष जी हमारे मार्गदर्शक, संरक्षक हैं। उप मुख्यमंत्री ने सदैव विकास कार्यों में त्योंथर की जनता को सहयोग दिया है। उन्होंने चाकघाट में सांदीपनि विद्यालय खोलने और बायपास निर्माण की मांग रखी। समारोह में विधायक नागेन्द्र सिंह, विधायक नरेन्द्र प्रजापति, विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, वीरेन्द्र गुप्ता, जनप्रतिनिधिगण तथा नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर