राजगढ़ःगंगा दशमी पर जिले की अनूठी पहल, साइकिल-पदयात्रा से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राजगढ़, 25 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में गंगा दशमी के पावन अवसर पर सोमवार को जिला प्रशासन ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जल स्रोतों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अनूठी पहल की। जिले में साइकिल रैली, पदयात्रा और ई-वाहनों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक शामिल हुए। इस अवसर पर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने साइकिल चलाकर ईंधन बचत और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
विधायक यादव और सीईओ डॉ. गढ़पाले ने स्वयं साइकिल चलाकर रैली का नेतृत्व किया। इलेक्ट्रिक वाहनों से शामिल प्रतिभागियों ने जीवाश्म ईंधन के कम उपयोग और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित ऊर्जा व पर्यावरण संरक्षण संदेश को आगे बढ़ाया गया। पारायण चैक से शुरू हुई पदयात्रा नेवज नदी तट पर पहुंचकर श्रमदान के साथ संपन्न हुई। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों ने मिलकर नदी तट की सफाई कर कचरा निष्पादन किया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, जल संरक्षण और सामूहिक जनभागीदारी का संदेश दिया गया। अंत में सभी को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में विधायक अमरसिंह यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा मोना सुस्तानी, अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चैहान,एएसपी केएल. बंजारे, एसडीएम निधि भारद्वाज,डिप्टी कलेक्टर डॉ. ज्योति राजोरे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।जिला प्रशासन की यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरक उदाहरण बनी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक