रायसेनः हिनोतिया महलपुर में तीन करोड़ की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का शुभारंभ
- क्षेत्र के 15 गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति
रायसेन, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अंतर्गत एसएसटीडी योजना के तहत लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र हिनोतिया महलपुर का बुधवार को सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि इस विद्युत उपकेंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के ग्रामीण उपभोक्ताओं को लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज एवं ओवरलोडिंग की समस्या से राहत मिलेगी तथा विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा। उक्त विद्युत उपकेंद्र में 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया है। उपकेंद्र से 11 केवी के तीन फीडरों के माध्यम से संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण विद्युत अधोसंरचना के विकसित होने से क्षेत्र की विद्युत वितरण व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज के साथ गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। इन गांवों को मिलेगा लाभ हिनोतिया महलपुर विद्युत उपकेंद्र से पठारी, हिनोतिया, माहेश्वरी, अमखेड़ा, बाबई, महलपुर पाथा, भूलन, जलालपुर, इमलिया, बाबलिया, छोटा सिलारी, बैरखेड़ी एवं सिरसौदा ग्रामों को बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
विद्युत विभाग द्वारा क्षेत्र में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत बनाने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत हिनोतिया महलपुर विद्युत उपकेंद्र का शुभारंभ क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस विद्युत उपकेंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र में विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन संभव होगा। विशेषकर कृषि कार्यों के लिए विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होने से किसानों एवं ग्रामीण उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं विद्युत विभाग से रायसेन वृत्त के महाप्रबंधक संजीव सिंह, उपमहाप्रबंधक नीरज चौरसिया एवं वैभव त्रिपाठी तथा प्रबंधक गौरव अटूट, संजय पटेल एवं सर्वेंद्र चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर