मप्रः भारतीय ज्ञान परंपरा का त्रैमासिक कैलेंडर जारी
- जुलाई से सितम्बर तक विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में होंगे विविध आयोजन
भोपाल, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग ने मंगलवार को जुलाई, अगस्त एवं सितम्बर 2026 का त्रैमासिक कैलेंडर जारी किया है। इसके तहत प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कैलेंडर के अनुसार 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें गुरुजनों का तिलक एवं श्रीफल से सम्मान, गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर व्याख्यान, वृत्तचित्र प्रदर्शन तथा गीत एवं कविता वाचन जैसी गतिविधियां होंगी। 2 अगस्त 2026 को आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय जयंती एवं राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस पर आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के भारतीय विज्ञान और उद्योग में योगदान पर व्याख्यान, विज्ञान मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रदर्शनी, उनके व्यक्तित्व-कृतित्व पर चर्चा तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित होगी।
20 अगस्त 2026 को भारतीय अक्षय ऊर्जा दिवस पर प्राचीन ग्रंथों में अक्षय ऊर्जा से संबंधित अवधारणाओं, ऊर्जा संरक्षण एवं भारतीय दृष्टिकोण पर विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान, लघु फिल्म/चित्र प्रदर्शनी, निबंध प्रतियोगिता तथा ऊर्जा संरक्षण संकल्प जैसी गतिविधियां होंगी।
14 सितम्बर 2026 को हिन्दी दिवस के अवसर पर भारतीय ज्ञान परंपरा में भाषा और साहित्य के योगदान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों की सहभागिता से भारतीय भाषाओं एवं ज्ञान विरासत पर केंद्रित गतिविधियां होंगी। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि त्रैमासिक कैलेंडर के अनुसार गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करें।
आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी, छायाचित्र एवं प्रतिवेदन विभाग को भेजा जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान और परंपरागत विरासत से जोड़ते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप समग्र शिक्षा को बढ़ावा देना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर