ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का तत्परता से कराएं सर्वेक्षण, प्रभावितों को दी जाएगी हर संभव सहायता : प्रभारी मंत्री

 


- मंत्री सिलावट ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की शहर विकास पर चर्चा

ग्वालियर, 21 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शुक्रवार की रात कुछ गाँवों में ओलावृष्टि की सूचनाएं मिलने पर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि ओलावृष्टि से प्रभावित सभी गाँवों का तत्परता से सर्वेक्षण कराया जाए। ओलावृष्टि से अगर किसी भी किसान की फसल को हानि पहुँची है तो उसे शासन के प्रावधान अनुसार राहत वितरण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्रभारी मंत्री सिलावट ने शनिवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर विकास की समीक्षा करते हुए यह बात कही। उन्होंने मुरार सर्किट हाउस में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर विकास की चर्चा की। ग्वालियर विकास की सभी परियोजनाओं को तेजी के साथ पूर्ण करने की बात भी कही। समीक्षा बैठक में नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, आईजी अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी अमित सांघी, कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सम्पूर्ण प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। ग्वालियर जिले में भी अभियान के तहत शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में जल संरचनाओं के संरक्षण का कार्य बड़े पैमाने पर किया जाए। इस अभियान को जन आंदोलन के रूप में जिले में संचालित किया जाए। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और जनमानस को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिये जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि जल संरचनाओं की साफ-सफाई के साथ-साथ तालाबों के कैचमेंट एरिया को भी अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जल संरचनाओं के आस-पास किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। यदि कहीं पर है तो उसे तत्परता से हटाने की कार्रवाई की जाए।

प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि ग्वालियर में अंतर्राज्यीय बस स्टेण्ड (आईएसबीटी) का निर्माण किया गया है। शहर विकास की कड़ी में यह एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके संचालन के लिये जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं बस ऑपरेटरों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर बस स्टेण्ड का संचालन व्यवस्थित रूप से प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कलेक्टर रुचिका चौहान से कहा कि ग्वालियर के मंत्री द्वय, सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बस ऑपरेटरों के साथ शीघ्र बैठक आयोजित कर इसका संचालन प्रारंभ करें, ताकि जिले के निवासियों को नए बस स्टेण्ड के रूप में अच्छी व्यवस्थायें उपलब्ध हो सकें।

सिलावट ने शहर विकास की समीक्षा के दौरान कहा कि ग्वालियर में पेयजल वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए तथा आम लोगों को शुद्ध और पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही सीवर संधारण के कार्य भी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किए जाएं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय से कहा कि शहर की सभी सड़कों के संधारण का कार्य भी निगम पूरी मुस्तैदी के साथ करे। नई सड़कों के निर्माण के साथ-साथ सड़कों के पेंच रिपेयरिंग के कार्य को भी निगम निरंतर करे ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रभारी मंत्री ने स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को भी और बेहतर बनाने के भी निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री सिलावट ने स्वच्छता अभियान की समीक्षा के दौरान कहा कि ग्वालियर में अभियान के तहत जन-जन को जोड़कर कार्य किया जाए। स्वच्छता अभियान में ग्वालियर भी अच्छी रैंकिंग प्राप्त कर सके, इसके लिये समाज के सभी वर्गों को जोड़कर निगम निरंतर अभियान संचालित करे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आवश्यकता समझें तो जनप्रतिनिधियों एवं निगम में स्वच्छता अभियान से जुड़े अमले को भी इंदौर भेजकर स्वच्छता अभियान में किए जा रहे कार्यों का अवलोकन कराया जाए। शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ जिले का हर नागरिक स्वच्छता अभियान में भागीदार बनें, इस दिशा में सार्थक प्रयास किए जाना चाहिए।

सिलावट ने कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए आईजी अरविंद सक्सेना, डीआईजी अमित सांघी एवं पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह से कहा कि यातायात प्रबंधन के लिये पुलिस विभाग के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जाना चाहिए। इसके साथ ही कानून व्यवस्था के मामले में कोई कोताही नहीं बरती जाना चाहिए। जहां आवश्यकता हो वहां सख्ती भी की जाना चाहिए।

सिलावट ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरूद्ध जिले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाना चाहिए। इसके लिये विभागीय स्तर पर निरंतर दल बनाकर जांच की जाए और जो भी व्यक्ति खाद्य पदार्थों में मिलावट के लिये दोषी पाया जाता है उसके विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि केवल त्यौहारों के दौरान ही नहीं बल्कि नियमित सेम्पलिंग का कार्य किया जाए।

विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन के लिये पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन के लिये पुलिस विभाग द्वारा नियमित अभियान चलाकर कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में भी सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने भी पुलिस विभाग के माध्यम से किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी दी।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि जिले में गत रात घाटीगांव एवं भितरवार क्षेत्र के कुछ ग्रामों में ओलावृष्टि हुई है। राजस्व विभाग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में संपर्क करने पर जानकारी मिली है कि ओलावृष्टि बहुत की कम मात्रा में कुछ ग्रामों में हुई है। राजस्व विभाग के माध्यम से मैदानी स्तर पर पहुँचकर सर्वेक्षण का कार्य भी किया जा रहा है। इसके साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन के कार्य हाथ में लिए गए हैं। इस अभियान में आम जनों को जोड़कर भी जनभागीदारी के साथ कार्य किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर