मप्रः नगरीय निकाय एवं पंचायतों की मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम संशोधित
- अब फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन 18 जुलाई को
भोपाल, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने गुरुवार को जानकारी दी है कि नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के पूर्व में जारी कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। अब प्रारूप मतदाता सूची में दावे-आपत्ति 15 जून तक लिये जायेंगे।
उन्होंने बताया कि दावे-आपत्तियों का निराकरण 25 जून तक किया जायेगा। फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 18 जुलाई को किया जायेगा। पूर्व में जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 जून को होना था।
राज्य निर्वाचन आयुक्त श्रीवास्तव ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण के लिये निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर