मप्र के एक शहर का नाम बदलने की तैयारी, मुख्यमंत्री ने शमशाबाद का नाम सूर्य नगर करने की घोषणा
- मुख्यमंत्री ने दी 163 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, प्रदेश की पहली फिंगरप्रिंट लैब का किया शुभारंभ
भोपाल, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में एक शहर का नाम बदलने की पहली जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को विदिशा जिले के शमशाबाद का नाम सूर्य नगर करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को विदिशा जिले के शमशाबाद में 163.62 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 97 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की पहली जिला स्तरीय फिंगरप्रिंट लैब का भी शुभारंभ किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने नगर में रोड शो किया। रोड शो के दौरान जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पीएमश्री बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे और जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने शमशाबाद नगर परिषद को विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई। साथ ही क्षेत्र में नया बिजली सब-स्टेशन स्थापित करने और संजय सागर बांध तथा सगड़ बांध से सिंचाई परियोजना शुरू करने की भी घोषणा की।
सभा में मुख्यमंत्री ने एक अहम घोषणा करते हुए कहा कि शमशाबाद का नाम बदलकर “सूर्य नगर” करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और पहचान को मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार जनता की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्षों तक नदियों का पानी बहता रहा, लेकिन किसानों तक सिंचाई की सुविधा नहीं पहुंच सकी। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में सिंचित क्षेत्र तेजी से बढ़ा है और आने वाले वर्षों में इसे और बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है और सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर