मप्र पुलिस की वाहन चोरों पर बड़ी कार्रवाई, प्रदेशभर से 53 दोपहिया वाहन बरामद

 


भोपाल, 22 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विभिन्न जिलों की पुलिस द्वारा निरंतर एवं समन्वित कार्रवाई की गई है। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र तथा त्वरित फील्ड रिस्पॉन्स के आधार पर पुलिस ने 53 दोपहिया वाहन बरामद किए है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार को जानकारी दी गइ कि खरगोन पुलिस ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 03 आरोपी एवं 01 विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर कुल 13 मोटरसाइकिलें (कीमत लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये) जप्त की है। इसके अतिरिक्त एक अन्य कार्रवाई में शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 06 मोटरसाइकिलें (कीमत लगभग 3 लाख रुपये) बरामद की गईं। इस प्रकार पुलिस ने इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 19 मोटरसाइकिले बरामद की है।

इसी तरह पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सक्रिय चोर गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी एवं खरीदार सहित 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर पन्ना, कटनी, छतरपुर एवं अनूपपुर जिलों से चोरी की गई कुल 11 मोटरसाइकिलें (कीमत लगभग 6 लाख रुपये) बरामद की है। इस कार्रवाई से अंतरजिला वाहन चोरी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। इसके अतिरिक्त अमानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने सूचना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 60 हजार रुपये कीमत की 01 मोटरसाइकिल जप्त की है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 12 मोटरसाइकिलें जब्त की है।

छतरपुर जिले के थाना कोतवाली पुलिस ने विभिन्न स्थानों से 06 मोटरसाइकिल चोरी करने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के वाहन बरामद किए है। वहीं, ग्वालियर जिले में वाहन चोरी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए थाना डबरा सिटी पुलिस टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 03 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इसके अतिरिक्त पूर्व कार्रवाई में भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 02 मोटरसाइकिलें जप्त की गई थीं। इस प्रकार डबरा सिटी पुलिस द्वारा कुल 05 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

इंदौर शहर में जोन-3 क्षेत्रांतर्गत थाना हीरानगर पुलिस ने दो-पहिया वाहन चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 05 वाहन (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) बरामद किए। वहीं जोन-1 थाना एरोड्रम पुलिस ने 24 घंटे के भीतर वाहन चोर को गिरफ्तार कर जुपिटर स्कूटर (कीमत 40 हजार रुपये) जप्त किया। इस प्रकार दोनों कार्यवाहियों में पुलिस ने 6 मोटरसाइकिलें जब्त की है।

श्योपुर जिले में कोतवाली पुलिस ने रामद्वारा मैरिज गार्डन से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से लगभग 60 हजार रुपए कीमत की 01 मोटरसाइकिल बरामद कर विधि अनुसार कार्रवाई की गई। कटनी जिले के थाना रीठी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं थाना कोतवाली पुलिस ने अलग कार्रवाई में मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर चोरी का वाहन जप्त किया। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने 02 मोटरसाइकिलें जब्त की है।

दतिया जिले में थाना कोतवाली पुलिस ने पुरानी कचहरी क्षेत्र से चोरी गई मोटरसाइकिल को बरामद करते हुए चोरी का वाहन खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। विदिशा जिले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर 1 लाख 05 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन पार्क करते समय सुरक्षा उपायों का पालन करें एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर