मप्र पुलिस की अवैध मादक पदार्थों पर बड़ी कार्रवाई, 13 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्त
- तीन आरोपी गिरफ्तार, एक करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
भोपाल, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आगर मालवा एवं मंदसौर जिलों में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाते हुए 13 क्विंटल से अधिक का अवैध डोडाचूरा एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहनों सहित लगभग एक करोड़ 72 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। साथ ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा सोमवार को जानकारी दी कि आगर मालवा जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आगर-सारंगपुर मार्ग स्थित गणेश घाटी पर नाकाबंदी कर एक कंटेनर ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान कंटेनर में भरी 31 काले रंग की बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 613 किलो 600 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया। प्रकरण में 01 आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जो वाहन के माध्यम से मादक पदार्थ को अन्य राज्य की ओर परिवहन कर रहा था। आरोपी के कब्जे से कंटेनर ट्रक, 02 मोबाइल फोन, नगद राशि एवं अन्य दस्तावेज सहित लगभग 1 करोड़ 53 लाख 46 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है।
वहीं, मंदसौर जिले के थाना सीतामऊ क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मानपुरा आम रोड से एक बोलेरो पिकअप वाहन की तलाशी के दौरान 37 प्लास्टिक कट्टों में भरा हुआ कुल 7 क्विंटल 22 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जप्त किया। उक्त कार्रवाई में 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा बोलेरो पिकअप वाहन, एक ट्रैक्टर एवं मोबाइल फोन सहित लगभग 19 लाख 3 हजार रुपए मूल्य की संपत्ति जप्त की गई है। दोनों प्रकरणों में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है तथा मादक पदार्थ के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी है तथा इस प्रकार के अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर