मप्रः भोपाल के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बैंड की मनमोहक प्रस्तुति आज से
भोपाल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश सातवीं वाहिनी पुलिस बैंड द्वारा आज बुधवार से तीन दिन (30 अक्टूबर तक) राजधानी भोपाल के बोट क्लब, शौर्य स्मारक भोपाल एवं पुलिस पेट्रोल पंप जहांगीराबाद में शाम 4:00 बजे से 5:30 बजे तक मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी।
सातवीं वाहिनीं के कमांडेंट हितेश चौधरी ने बताया कि पुलिस बैंड द्वारा देश भक्ति सहित अन्य गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। यह कार्यक्रम सभी नागरिकों के लिए नि:शुल्क आयोजित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर पुलिस स्मृति दिवस एवं झंडा दिवस से 31 अक्टूबर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर तक दस दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें 28, 29 एवं 30 अक्टूबर को सातवीं वाहिनी पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति एवं अन्य गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर