मप्र के रायसेन में शुक्रवार को शिवराज सिंह के मुख्य आतिथ्य में होगा पीएम किसान सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम

 


- कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर तैयारियों की ली जानकारी

रायसेन, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय स्थित शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किश्त के वितरण ‘‘पीएम किसान उत्सव दिवस‘‘ कार्यक्रम आयोजित जा रहा है।

रायसेन कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां अधिकारियों की बैठकर लेकर उन्हें कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, मंच, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री मोदी के उद्बोधन का होगा लाइव प्रसारण कृषि यंत्रोंएवं उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी

कलेक्टर सिसोनिया ने बताया कि रायसेन में आयोजित पीएम किसान सम्मान निधि किश्त वितरण एवं पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का लाइव प्रसारण देखा जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर कृषि यंत्रों एवं विभिन्न कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जिनके माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत कृषि तकनीकों, नवीन कृषि पद्धतियों तथा कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं, उनके लाभ एवं पात्रता संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। इस अवसर पर विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं के हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान 30 अक्टूबर को प्रातः 08.45 बजे भोपाल से प्रस्थान कर प्रातः 09.45 बजे रायसेन स्थित शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुचेंगे तथा यहां प्रधनमंत्री किसान सम्मान निधि कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके उपरांत केन्द्रीय कृषि मंत्री प्रातः 11.45 बजे रायसेन से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

कार्यक्रम स्थल निरीक्षण के दौरान प्रभारी पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर